CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के शामली में ₹581 करोड़ से अधिक लागत की 89 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहम्मद अली जिन्ना का जिक्र किया। समाजवादी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग जिन्ना के उपासक हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय शामली भय और दहशत का प्रतीक बन चुका था। वहां खुलेआम गुंडागर्दी होती थी। लोग पलायन करने को मजबूर थे। किसान आत्महत्या कर रहे थे। बेटियां घर से निकलने में डरती थीं। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
सीएम ने साल 2015 में हत्या का शिकार हुए एक परिवार से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने संकल्प लिया था कि माफिया और अपराधियों की जगह केवल जेल या जहन्नुम होगी। उस संकल्प को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों को पता है कि अपराध करने पर उन्हें जेल या जहन्नुम ही जाना होगा।
पहले नौकरियों पर सपा का सिंडिकेट कब्जा- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले नौकरियों पर सपा का सिंडिकेट कब्जा कर लेता था। इससे शामली के युवाओं के अवसर छिन जाते थे। लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी है और सभी को समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, वही साल 2017 से पहले रामभक्तों पर गोलियां चलवाते थे। रामनवमी की शोभायात्राएं नहीं निकलने देते थे। उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार कर रही है।
कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यात्रा बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण ढंग से निकल रही है। सरकार सुरक्षा और सुविधाओं की पूरी व्यवस्था कर रही है। उन्होंने सभी कांवड़ संघों से अनुशासन और धैर्य बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि हुड़दंग करने वालों को समाज से बाहर करना चाहिए, क्योंकि यही हमारी मर्यादा है।