Dharmendra Death: बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले मशहूर एक्टर धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके जाने से देओल परिवार और पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। मशहूर एक्टर ने दो शादियां की थीं। उन्होंने पहली शादी 1954 में 19 साल की उम्र में प्रकाश कौर से की थी। उस समय धर्मेंद्र ने बॉलीवुड में डेब्यू नहीं किया था। मशहूर एक्टर का हिमाचल प्रदेश से भी खास लगाव था।
धर्मेंद्र ने बेटे सनी के साथ कई बार उठाया था मनाली की वादियों का आनंद
धर्मेंद्र अपने बेटे सनी देओल के साथ कई बार मनाली गए और वहां की खूबसूरत वादियों को निहारा। नवंबर 2021 में, धर्मेंद्र ने लगभग एक महीना टूरिस्ट टाउन मनाली में बिताया। बेटे सनी देओल ने लंबे समय तक रहने के लिए मनाली के पास सरसेई में एक कॉटेज किराए पर लिया था। सनी देओल अपने पिता धर्मेंद्र को मनाली के पास पहाड़ी पर ले गए, जहां वे मनाली का नज़ारा देखकर दंग रह गए। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया गया था। इसमें उन्होंने कहा कि उनका बेटा सनी उन्हें मनाली लाया था। उन्होंने इसके लिए सनी का शुक्रिया भी अदा किया।
रोहतांग टनल को अजूबा बताया था
धर्मेंद्र ने अटल टनल रोहतांग का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें 20 साल बाद हिमाचल प्रदेश के मनाली और रोहतांग की पहाड़ियों पर जाने का मौका मिला। उन्होंने इन बर्फ से ढकी पहाड़ियों पर कई फिल्में शूट कीं, जिनमें इज्जत, जीने नहीं दूंगा, तहलका और आदमी और इंसान शामिल हैं। उस समय रोहतांग पार करके लाहौल पहुंचने में कई घंटे लगते थे। खराब मौसम में सफर टालना पड़ता था। लेकिन अब अटल टनल रोहतांग के बन जाने से सब कुछ आसान हो गया है। उन्होंने रोहतांग टनल को अजूबा बताया। उन्होंने इस लगभग दस किलोमीटर लंबी टनल को बनाने में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों का भी शुक्रिया अदा किया।