Badaun News: बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र स्थित रियोनाई गांव में शादी का जश्न कुछ ही घंटों में चीख-पुकार और कोहराम में बदल गया। बुधवार को बड़ी धूमधाम से दुल्हन विदा कराकर घर लाए नवविवाहित युवक बबलू मौर्य की सुहागरात वाले दिन ही सांप के काटने से मौत हो गई। जिस घर में सुबह तक मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अचानक मातम पसर गया और दुल्हन अपनी हाथों की चूड़ियां तोड़कर रोने लगी।
रियोनाई गांव निवासी बबलू मौर्य की बारात गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के लौहरपुरा गांव गई थी। गुरुवार दोपहर दुल्हन रश्मि की विदाई कराकर परिजन और रिश्तेदार घर लौटे, जहां दिनभर नई बहू के स्वागत की रस्में और खुशियां मनाई जाती रहीं। परंपरा के अनुसार नवदंपति को कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सुलाया गया था।
रात में सोते समय किसी जहरीले सांप ने बबलू की गर्दन पर डस लिया। सुबह जब उसकी हालत गंभीर हुई तो परिजनों में हड़कंप मच गया। वे उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने दूल्हे को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दूल्हे की गर्दन पर सांप के काटने का निशान था।
अस्पताल में मृत घोषित, फिर भी सपेरों के पास ले गए परिजन
डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी परिजनों की उम्मीद नहीं टूटी। परिजन पहले उसे सहसवान के एक निजी अस्पताल और फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोबारा उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद परिजनों ने डॉक्टरों की बात मानने और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सांसें लौटने की आस में वे शव को लेकर तांत्रिकों और सपेरों के पास पहुंचे और देर शाम तक झाड़-फूंक कराते रहे।