Bhupinder Singh Hooda: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बुधवार सुबह दिल्ली AIIMS से डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल से वह अपने दिल्ली आवास के लिए निकल गए।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, हुड्डा मंगलवार दोपहर को रूटीन चेकअप के लिए AIIMS गए थे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें रातभर भर्ती होने की सलाह दी। इसके बाद उनके कुछ टेस्ट किए गए। बुधवार सुबह डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
भूपेंद्र हुड्डा के साथ उनकी पत्नी आशा हुड्डा और सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा भी थे। हुड्डा के निजी सचिव (PA) चांदवीर हुड्डा ने बताया कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है।
जानें पहले हुड्डा की तबीयत कब-कब बिगड़ी
- 16 मई 2012: ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव के बाद चंडीगढ़ PGI में भर्ती हुए। 17 मई की सुबह छुट्टी मिली।
- 18 अप्रैल 2021: कोरोना संक्रमित होने के बाद गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती हुए। 13 दिन बाद 1 मई को छुट्टी मिली।
- 14 फरवरी 2023: चंडीगढ़ में चक्कर आने और सांस लेने में परेशानी के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए। 15 फरवरी को छुट्टी मिली।