होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

 अखिलेश यादव की BJP को चेतावनी? AI वीडियो पर बोले- यूपी से शुरू होगी असली महाभारत

 अखिलेश यादव की BJP को चेतावनी? AI वीडियो पर बोले- यूपी से शुरू होगी असली महाभारत

 

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। दशहरे के मौके पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों पर ‘जो पीड़ित है, वो PDA है’ का नारा लिखा है। पार्टी इन वाहनों के जरिए गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर अपने राजनीतिक संदेश और विचारधारा को जनता तक पहुंचाएगी।

इस दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बुराई को हराना है और अच्छाई की जीत होनी चाहिए। अखिलेश ने कहा, ‘असली महाभारत यूपी से होने जा रहा है, शुरुआत यहीं से हो।’ दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह त्योहार हमें बुराई के खिलाफ लड़ने की सीख देता है। उन्होंने लोगों से बुराई को खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की और कहा कि इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘भगवान श्रीराम ने हमें रामराज का रास्ता दिखाया था… हम अक्सर कहते हैं कि समाजवाद ही रामराज है और रामराज ही समाजवाद है।’ उन्होंने आगे कहा कि जो दोनों में विश्वास रखते हैं, वही सच्चे सनातनी हैं। सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि सच्चा सनातनी दुनिया में अच्छाई लाता है, जबकि बुराई फैलाने वाले नकली सनातनी हैं।

रावण वाले AI वीडियो पर बीजेपी को घेरा

अखिलेश यादव ने बीजेपी की ओर से जारी किए गए अपने रावण के रूप वाले वीडियो पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ‘आज सुबह बीजेपी ने मेरा एक वीडियो रावण के रूप में जारी किया… सब जानते हैं कि ये वीडियो कहां बनता है और कौन बनाता है।’ AI के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग बड़े भले के लिए होना चाहिए, लेकिन बीजेपी इसका इस्तेमाल बुराई फैलाने के लिए कर रही है।

GDP, महंगाई और बेरोजगारी पर भी हमला

अखिलेश यादव ने आर्थिक मुद्दों को लेकर भी बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता GDP पर जवाब नहीं दे सकते और मुख्यमंत्री खुद नहीं जानते कि GDP क्या है। उन्होंने देश में महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। अखिलेश ने कहा कि विकसित देशों में महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आंदोलन हुए हैं। भारत में भी आंदोलन चल रहा है, लेकिन यहां लोग लोकतंत्र और वोट बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं।

PDA के नारे के साथ 2027 की तैयारी

समाजवादी पार्टी के प्रचार वाहनों पर लिखा नारा ‘जो पीड़ित है, वो PDA है’ पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है। PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के साथ सपा वंचित और पीड़ित तबकों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इन प्रचार वाहनों के जरिए पार्टी अपनी नीतियों, विचारधारा और राजनीतिक संदेश को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाएगी।


संबंधित समाचार