Anil Vij News: इंस्पेक्टर का जवाब सुनकर विज ने कहा, “एसई मेरे सामने खड़े होकर कह रहे हैं कि रिपोर्ट नहीं मिली, तो कार्रवाई की जानकारी क्यों नहीं पहुंची? मैं इंस्पेक्टरी एक दिन में निकाल दूंगा। अनिल विज है मेरा नाम।” इसके कुछ देर बाद ही अधिकारी चंडीगढ़ से अंबाला पहुंचे और अपना पक्ष रखा। कार्रवाई में ढील बरतने पर अंबाला शहर के एक्सईएन हरीश गोयल के नूंह तबादले के आदेश जारी कर दिए।
गौरव गर्ग ने आरोप लगाया कि एलटी बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य से अलग किया जा रहा है। परिसर में ट्रैक्टर-ट्रालियों पर बने कियोस्क में एसी, फ्रिज और इंडक्शन जैसे उपकरण चल रहे हैं। झूलों को चलाने के लिए बिजली कनेक्शन दिए जाने पर भी सवाल उठाए गए। विज ने अफसरों से सवाल किए और जवाब सुनकर बोले, “सरकार की बेइज्जती क्यों करवा रहे हो।
आठवीं तक मान्यता, दसवीं में दाखिले की शिकायत
जनसुनवाई में गांव बाड़ा स्थित ब्राइड पब्लिक स्कूल के खिलाफ भी शिकायत पहुंची। सुंदर नगर निवासी महिला ने आरोप लगाया कि स्कूल को आठवीं कक्षा तक मान्यता होने के बावजूद दसवीं कक्षा में बच्चों के दाखिले किए जा रहे हैं। विज ने एसडीएम को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
अंबाला शहर निवासी एक व्यक्ति ने नौ लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दी। विज ने पुलिस अधीक्षक को जांच कर आरोपितों को पकड़ने के निर्देश दिए। वहीं, छावनी के मिलाप नगर निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसके बैंक खाते से 3.40 लाख रुपये से अधिक की राशि निकल गई। पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पति की मौत के मामले में दोबारा जांच के निर्देश
बोह निवासी महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का शव कुछ समय पहले बोह के मैदान में झाड़ियों में मिला था। महिला ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि पुलिस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही और इसे सामान्य मौत मान रही है। वार्ड नंबर 27 में विकास कार्य नहीं होने की शिकायत पर विज ने नगर परिषद अधिकारियों को फटकार लगाई।
संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। काम नहीं होने की स्थिति में दोबारा टेंडर कराने को कहा। नप से सभी विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी। छावनी की पार्किंग में लिफ्ट लगाने के काम में देरी पर भी संबंधित एक्सईएन को फटकार लगाई
बिजली और अन्य शिकायतों पर भी दिए निर्देश
जनसुनवाई में साहा के औद्योगिक क्षेत्र में पावर हाउस के लिए टावर लगाने से जुड़ी शिकायत पर विज ने बिजली अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर वैकल्पिक स्थान चिह्नित करने को कहा। रामपुर, सरसेहड़ी, चंद्रपुरी और सुंदर नगर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, लोड बढ़ाने, ट्रांसफार्मर सही स्थान पर लगाने और अन्य बिजली संबंधी शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आर्य नगर में बिना अनुमति निर्माण रोकने की शिकायत पर नप अधिकारियों को पुलिस के साथ कार्रवाई करने को कहा गया। पटेल नगर में चोरी के मामले में भी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े बिजली विभाग के वेंडरों ने विज से मुलाकात कर योजना के क्रियान्वयन में सहयोग के लिए उनका आभार जताया। जनसुनवाई में एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद सहित भाजपा पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।