New Delhi : WPL 2026 के मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने अपनी 2025 की चैंपियन टीम के अधिकतर खिलाड़ियों को सफलतापूर्वक वापस खरीद लिया। टीम ने पुराने विजेता खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए लगभग पूरे कोर ग्रुप को फिर से जोड़ लिया है।
टीम की मालकिन नीता एम. अंबानी ने कहा कि इस बार ऑक्शन में उनकी रणनीति बिल्कुल स्पष्ट थी। जिन खिलाड़ियों ने खिताब दिलाया, उन्हें हर हाल में टीम में वापस लाना है। उन्होंने अमेलिया केर, शबनिम इस्माइल, साईका इशाक, सजाना और संस्कृति गुप्ता की वापसी पर खुशी व्यक्त की। कप्तान हरमनप्रीत कौर, नैट स्किवर-ब्रंट, हेले मैथ्यूज़, अमनजोत कौर और जी. कमलिनी पहले से ही रिटेन सूची में शामिल थीं।
MI परिवार का हिस्सा बनी निकोला केरी
नीता अंबानी ने कहा, “नीलामी का दिन हमेशा बेहद रोमांचक होता है। हमारी कोशिश यही थी कि जीत दिलाने वाली टीम को जितना हो सके वापस लाया जाए। अमेलिया केर की वापसी और हमारी चार ‘S’- शबनिम, साईका, सजाना और संस्कृति का दोबारा शामिल होना शानदार है। साथ ही तीन युवा खिलाड़ियों- रहीला फिरदौस, नल्ला क्रांति रेड्डी और त्रिवेणी वशिष्ठ का टीम में स्वागत करते हुए हमें बहुत खुशी है।” उन्होंने यह भी बताया कि पूनम खेमनार, मिली इलिंगवर्थ और निकोला केरी भी MI परिवार का हिस्सा बनी हैं।
WPL 2026 में एक बार फिर शामिल हुईं मुंबई इंडियंस की टीम
नीलामी में मौजूद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम मैनेजमेंट पर जताए भरोसे को बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा,“शुरू में थोड़ा नर्वस थी, लेकिन हमारी प्लानिंग कमाल की रही। खासकर नीता मैम का रोल बहुत अहम था। टीम के पुराने चेहरे फिर हमारे साथ हैं, इससे पता चलता है कि मैनेजमेंट को हम पर कितना विश्वास है।” मुंबई इंडियंस ने ऑक्शन में विदेशी खिलाड़ियों निकोला केरी और मिली इलिंगवर्थ को टीम में शामिल किया। वहीं भारतीय युवा प्रतिभाओं नल्ला क्रांति रेड्डी, त्रिवेणी वशिष्ठ और रहीला फिरदौस को मौका मिला है। पुराने चैंपियन सितारों और नई युवा प्रतिभाओं के मजबूत मिश्रण के साथ, मुंबई इंडियंस एक बार फिर WPL 2026 की सबसे प्रबल दावेदारों में शामिल हो गई है।