India vs New Zealand T20: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के पहले तीन मैच टीम इंडिया जीत चुकी है। इसके साथ ही सीरीज भी जीत ली गई है। अभी दो मैच बाकी हैं। टीम इंडिया का मिशन अभी थमने नहीं जा रहा है। उसकी कोशिश होगी कि न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ किया जाए। इस बीच अगले मैच में जब टीम उतरेगी तो वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। उम्मीद है कि ईशान किशन की वापसी हो जाएगी।
न्यूजीलैंड में दो मैच खेलकर वैभव बना चुके हैं 49 रन
वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान अभी दो ही मैच खेलने का मौका मिला है। सीरीज के दूसरे मैच से पहले ईशान किशन चोटिल हो गए और उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा। इसीलिए वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला, लेकिन वे तीन नंबर पर खेलने आए और केवल चार रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सीरीज के तीसरा मैच भी ईशान ने मिस किया। इस बार भी वैभव को मौका मिला, लेकिन इस दफा वे ओपनिंग के लिए आए और ताबड़तोड़ बैटिंग कतरे हुए नजर आए।
वैभव ने केवल 19 बॉल पर बना दिए 45 रन, संजू से बने 18 ही रन
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने केवल 19 बॉल का सामना कर 45 रन बना दिए। उनके बल्ले से चार चौके और इतने ही छक्के आए। उम्मीद की जा रही थी कि वैभव एक बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन इसमें वे नाकाम रहे, लेकिन जितनी देर तक वे क्रीज पर रहे विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रही। वहीं इस मैच में संजू सैमसन नंबर तीन पर आए, और केवल 18 ही रन बनाकर आउट हो गए।
ईशान किशन की अगले मैच में हो सकती है वापसी
अब उम्मीद है कि ईशान किशन की वापसी हो जाएगी। वैसे अभी तक बीसीसीआई ने ईशान किशन को लेकर कोई अपडेट तो नहीं दिया है, लेकिन अभी मैच में दो दिन हैं, तब तक ईशान को पूरी तरह से फिट हो जाना चाहिए। अगर वे फिट होंगे तो बिना किसी रुकावट के प्लेइंग इलेवन में आ जाएंगे। वैसे भी अभी ईशान किशन दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज हैं।
श्रेयस अय्यर को चौथे मैच से पहले लेना होगा अहम फैसला
अब जब सीरीज के चौथे मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर उतरेंगे तो उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि ईशान किशन की जगह किसे बाहर किया जाए। हालांकि ये फैसला उनके लिए आसान नहीं होगा। संजू सैमसन का बल्ला पिछले मैच में भले ही ना चला हो, लेकिन वे इससे पहले अच्छी बल्लेबाजी करते आए हैं। कुल मिलाकर कप्तान श्रेयस के लिए ये सिरदर्द तो है, लेकिन ये एक अच्छा ही है कि खिलाड़ी ऐसा खेल दिखा रहे हैं, जिससे उसे बाहर करने से पहले हजार बार सोचा जाए।