केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय दौरे के लिए यूपी आ रहे हैं। वे कल यानी दो जुलाई को दिल्ली से कानपुर पहुंचेंगे। यहां एयरफोर्स के अधिकारियों के साथ बैठक करने के साथ ही विकास कार्यों का भी जायजा लेंगे। कानपुर के बाद रक्षा मंत्री का राजधानी लखनऊ जाने का भी कार्यक्रम है। यूपी में तीन दिन गुजारने के बाद चार जुलाई को दिल्ली वापसी करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार की सुबह दिल्ली से विशेष विमान में कानपुर पहुंचेंगे। यहां वायु सेना के अधिकारियों की बैठक लेने के बाद चुनिंदा लोगों से मिलेंगे। शाम को साढ़े छह बजे अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ जाएंगे। तीन जुलाई को लखनऊ में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद चार जुलाई को वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा यह दौरा
राजनाथ सिंह का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आने के चलते इस दौरे के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक विशलेषकों का मानना है कि राजनाथ सिंह ने भले ही खुद को केंद्रीय राजनीति में स्थापित कर रखा है, लेकिन यूपी में उनका खासा दबदबा है। राजनाथ सिंह यूपी की राजनीति से केवल इसलिए दूर हैं ताकि जनता में यह संदेश न जाए कि प्रदेश में दो समानांतर नेतृत्व चल रहे हैं।
सीएम योगी से कोई मनमुटाव नहीं
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यूपी की राजनीति में दबदबा होने के बावजूद सीएम योगी आदित्यनाथ से कोई टकराव नहीं है। राजनाथ सिंह जब पिछली बार लखनऊ यात्रा पर आए थे, तो सीएम योगी स्वयं उनकी अगवानी करने गए थे। राजनाथ सिंह ने कोरोना काल में राजधानी लखनऊ में कोविड अस्पताल बनवाने से लेकर कई अन्य चुनौतियों से निपटने में भी योगी सरकार की मदद की थी। यही कारण है कि राजनाथ सिंह के यूपी में तीन दौरे को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक स्थिति क्या बनती है, यह रक्षा मंत्री के यूपी पहुंचने पर ही स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़ें- National Doctors Day 2021: आचार्य देवव्रत का विवादित बयान, डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप