रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) के बीच उत्तराखंड (Uttarakhand) के अब भी 124 नागरिक वहां फंसे हुए हैं। शनिवार को यूक्रेन से 27 छात्रों के लौटने की जानकारी मिली है। इस तरह अब तक कुल 175 नागरिकों की प्रदेश में सकुशल वापसी हो चुकी है। ऐसे में नई दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने यूक्रेन से लौटे छात्रों से बात की।
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार (Central Govt) के ऑपरेशन गंगा (Operation Ganga) के तहत यूक्रेन व उसके पड़ोसी मुल्कों में फंसे राज्य के नागरिकों को लाने की जद्दोजहद में जुटा हुआ है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार को युद्ध के बीच अलग-अलग स्थान पर फंसे करीब 27 छात्र स्वदेश वापस लौटे हैं।
भारतीयों की सकुशल वापसी के लिए युद्धस्तर पर काम जारी- धामी
प्रदेश के करीब 148 नागरिकों की शुक्रवार तक प्रदेश वापसी हो चुकी थी। वहीं शनिवार शाम तक 175 लोग उत्तराखंड वापस लौट चुके थे। सूचना के मुताबिक, यूक्रेन और उसकी सीमावर्ती राष्ट्रों में अब भी 124 लोगों फंसे हैं। उनकी सकुशल वापसी के लिए सरकार युद्धस्तर पर कोशिश कर रही हैं।
ऐसे में यूक्रेन (Ukraine) से वापस लौटे छात्रों से नई दिल्ली (Delhi) में मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। सभी छात्रों ने उनसे यूक्रेन में हो रहे युद्ध के अपने-अपने अनुभवों का साझा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि केंद्र और प्रदेश सरकार (State Govt) यूक्रेन और उसके पड़ोसी देशों में फंसे सभी भारतीय नागरिक को जल्द वापस लेकर आएगी। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित अधिकारियों से यूक्रेन में फंसे अन्य उत्तराखंडियों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान सीएम ने बताया कि दिल्ली और मुंबई में राज्य की तरफ से यूक्रेन से लौटे उत्तराखंड वासियों के लिए समन्वय केंद्र (Coordination Center) का निर्माण किया गया है। जहां सभी आगंतुकों के ठहरने और खाने का इंतजाम किया गया है। इसके बाद दिल्ली से अपने घर तक लाने का इंतजाम खुद राज्य की ओर से किया गया है। इस मौके पर सीएम के साथ स्थानिक आयुक्त डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, उत्तराखंड सदन के मुख्य व्यवस्थाधिकारी रंजन मिश्रा और अपर स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा भी मौजूद रहे थे।
बता दें कि यूक्रेन में रूस ने हमला तेज कर दिया है। इतना ही नहीं अब रूस ने यूरोप (Europe) के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट (Nuclear Power Plant) पर भी कब्जा कर लिया है। शनिवार को रूस ने कुछ घंटों के लिए नागरिकों को निकालने के लिए युद्ध विराम लगाया गया था। लेकिन इस पर युक्रेन ने दावा किया है कि इस सीजफायर के दौरान भी रूस द्वारा लगातार बमबारी की गई थी।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, यूक्रेन से लौटे उत्तराखंडियों को निशुल्क पहुंचाया जाएगा घर