कई साल बाद एक बार फिर नंदी के दूध पीने की अफवाह सामने आई है। सबसे पहले शनिवार को कानपुर देहात के सिकंदरा में यह मैसेज वायरल हुआ। लोग मंदिरों में पहुंच कर नंदी को दूध पिलाने का करने लगे। उसके कुछ देर बाद ही फतेहपुर में भी यह अफवाह फैली। रात होते-होते अचानक बुंदेलखंड में हमीरपुर, महोबा, पश्चिम उप्र के संभल से पूर्वांचल में बनारस तक यह अफवाह आग की तरह फैलती ही चली गई। यही कारण है कि कई जिलों में देर रात तक मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई है।
कानपुर देहात के सिकंदरा कस्बे के सूर्या तिराहे के पास बने शिव मंदिर में नंदी के दूध पीने का एक वीडियो बनाकर किसी ने अचानक वायरल कर दिया है। इस वीडियो के वायरल होने के कुछ देर में ही महिलाओं की भीड़ मंदिर में पहुंच गई और नंदी को दूध पिलाने की होड़ शुरू हो गई। भीड़ को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची। बता दें कि फतेहपुर में रात तक मंदिरों में सैकड़ों लोग नंदी की मूर्ति को चम्मच से दूध पिलाते हुए दिखाई दिए।
जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले असोथर कस्बे के नागा बाबा मंदिर में महादेव व नंदी की मूर्ति के दूध पीने की सूचना फैली। इस पर स्थानीय नागरिक प्रदीप मिश्रा ने बताया कि दूध भरा चम्मच लगाते ही दूध अपने-आप गायब हो रहा था। इसी तरह मोटे महादेव मंदिर में भी लोगों का हुजूम जुटा हुआ है। वहीं, हमीरपुर में राठ कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ले के शिव मंदिर में भी लोग नंदी को दूध पिलाने के लिए पहुंचने लगे। महोबा में कबरई शिव मंदिर में भी रात तक भारी भीड़ जुटी हुई दिखाई दी।
यह भी पढ़ें- महाराजगंज में बेकाबू पिकअप ने स्कूल जा रहे तीन बच्चों को रौंदा, एक की मौत