Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा मंडी जिले में आपदा प्रभावित दयोरी स्कूल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगी। प्रियंका ने आपदा के दौरान बच्चों से नया स्कूल भवन बनवाने का वादा किया था। अब स्कूल भवन बनकर तैयार हो गया है। प्रियंका निजी प्रवास पर 15 अगस्त को शिमला पहुंची हैं। वह शिमला से करीब 12 किलोमीटर दूर छराबड़ा स्थित अपने आवास पर ठहरी हैं और आगामी दो से तीन दिन यहीं रुकेंगी।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि यह उनका निजी दौरा है। प्रियंका गांधी केवल स्कूल पहुंचकर बच्चों से संवाद करना चाहती हैं।
सरकार ने एक साल में बनवाया भवन
बीते वर्ष मानसून के दौरान आई प्राकृतिक आपदा व भारी वर्षा के कारण मंडी जिले का दयोरी स्कूल क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने पहुंचीं प्रियंका गांधी ने स्कूली बच्चों से मुलाकात कर जल्द नया भवन बनवाने का भरोसा दिया था। इसके बाद प्रदेश सरकार ने एक वर्ष के भीतर स्कूल भवन का निर्माण पूरा करवाया है।
बच्चों से किया वादा पूरा करने मंडी आ रहीं प्रियंका : सुक्खू
मंडी में 18 अगस्त को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के एक दिवसीय दौरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका यह दौरा राजनीतिक नहीं है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान प्रियंका गांधी मंडी आई थीं और उन्होंने एक स्कूल के निर्माण का वादा किया था।
उसी वादे को पूरा करने के लिए वह मंडी आ रही हैं और स्कूल के बच्चों से मुलाकात करेंगी।
सोलन में राजनीतिक सभा में आएंगी प्रियंका
मुख्यमंत्री ने बताया कि सितंबर माह में सोलन में होने वाली एक राजनीतिक जनसभा में भी प्रियंका गांधी के आने का कार्यक्रम है।