इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार (Nobel Peace Prize) जेल में बंद बेलारूस के अधिकार कार्यकर्ता एलेस बियालियात्स्की (Ales Bialiatski), रूसी समूह 'मेमोरियल' (Memorial) और यूक्रेन के संगठन 'सेंटर फॉर सिविल लिबर्टीज' (Center for Civil Liberties) को देने का ऐलान किया गया है। शुक्रवार को नार्वे नोबेल कमेटी के प्रमुख बेरिट रीज एंडरसन ने ओस्लो में नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा की। पिछले साल यह पुरस्कार दो पत्रकारों, रूस के दिमित्री मुरातोव (Dmitry Muratov) और फिलीपीन्स के मारिया रेसा (maria resa) को दिया गया था। तब उन्हें यह पुरस्कार लोकतंत्र और शांति की अहम जरूरत, फ्रीडम ऑफ स्पीच (Freedom of Speech) की हिफाजत के लिए दिया गया था।
नोबल पुरस्कारों की घोषणा शुरू
नोबेल पुरस्कारों की घोषणा का सप्ताह सोमवार को निएंडरथल डीएनए (Neanderthal DNA) के रहस्यों को उजागर करने वाले वैज्ञानिक को चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने के साथ शुरू हुआ था। मंगलवार को तीन वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से भौतिकी में इस खोज के लिए यह पुरस्कार जीता कि 'छोटे कण अलग होने के बाद भी एक दूसरे के साथ संबंध बनाए रख सकते हैं।' इस साल बुधवार को केमिस्ट्री में कैरोलिन आर बर्टोज्जी, मोर्टन मेल्डल और के बैरी शार्पलेस को समान भागों में ‘अणुओं के एक साथ विखंडन’ का तरीका विकसित करने के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया था।
10 को अर्थशास्त्र के लिए नोबेल का ऐलान
वहीं गुरुवार को स्वीडिश अकादमी ने इस साल साहित्य के लिए फ्रांसीसी लेखिका एनी एरनॉक्स (Annie Arnox) को ‘साहस और लाक्षणिक तीक्ष्णता के साथ व्यक्तिगत स्मृति के अंतस, व्यवस्थाओं और सामूहिक बाधाओं को उजागर करने’ वाली उनकी लेखनी के लिए नोबेल पुरस्कार देने का ऐलान किया। अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर यानी सोमवार को की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Thailand: चाइल्ड केयर सेंटर में फायरिंग, 31 की मौत, मरने वालों में बच्चे भी शामिल