होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

नीरू ढांडा ने फिर जीता गोल्ड, भारत के खाते में जुड़ा 10वां स्वर्ण पदक, 60 मेडल की दहलीज पर पहुंचा

नीरू ढांडा ने फिर जीता गोल्ड, भारत के खाते में जुड़ा 10वां स्वर्ण पदक, 60 मेडल की दहलीज पर पहुंचा

 

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 का आज 12वां दिन है। एक बार फिर भारत के अनेक एथलीट अलग-अलग स्पर्धा में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। भारत को बुधवार को अब तक सात मेडल मिले चुके हैं, जिसमें चार गोल्ड हैं। भारत ने तीरंदाजी में गोल्ड की हैट्रिक लगाई है। भारतीय पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को हराकर गोल्ड जीता। भारत की कंपाउंड मेन्स टीम इवेंट में चीन को फाइनल में 238-237 से मात दी। शूटर नीरू ढांडा ने एक बार फिर गोल्ड हासिल किया है। भारत ने स्क्वैश में सिंगापुर को 2-0 से हराकर महिला टीम इवेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। अनाहत और तन्वी ने अपने-अपने मैच 2-0 से जीते। भारत स्क्वैश में पुरुषों के टीम इवेंट में सेमीफाइनल में भी पहुंच गया है। भारत ने कुवैत को 2-0 से हराया। वीर चोटरानी और अभय सिंह ने आसान जीत हासिल की। भारत के खाते में फिलहाल 10 गोल्ड, 21 सिल्वर और 28 ब्रॉन्ज मेडल हैं। भारत के कुल पदकों की संख्या 59 हो गई है। भारत पदक तालिका में अभी सातवें पायदान पर है।

शूटर नीरू ढांडा के अभियान का शानदार अंत

व्यक्तिगत वर्ग में खिताब जीतने वाली नीरू ढांडा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए काइनन चेनाई के साथ मिलकर बुधवार कोट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धा में गोल्ड जीता। भारतीय जोड़ी ने इस दौरान नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने फाइनल में 34 का स्कोर बनाया। कतर के मोहम्मद अल रुमैही और रे बासिल ने 32 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। इससे पहले कतर के नाम पर 30 अंक का एशियाई रिकॉर्ड दर्ज था, जो उन्होंने इसी साल जनवरी में बनाया था। चीन की क्यूई यिंग और सन युनोंग को 23 अंक के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। नीरू ने अपने अभियान का शानदार अंत किया। वह मंगलवार को महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली निशानेबाज बनीं थीं। इससे पहले उन्होंने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया था। इस तरह से उन्होंने तीन पदक अपनी झोली में डाले।

महिला तीरंदाजी टीम का गोल्ड पर निशाना

भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने बुधवार को यहां विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए चीन को हराकर एशियाई खेलों में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखा। ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनीपार्थी और पृथिका प्रदीप की भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में चीन को 238-234 से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम ने इस उपलब्धि के दौरान दक्षिण कोरिया के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। चीन की टीम में वुनियर, यूए वांग और फांगयाओ वेई शामिल थीं जिन्होंने रजत पदक जीता। भारत ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 234-233 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दक्षिण कोरिया की पार्क जंगयून, पार्क येरीन और कांग योनसेओ की टीम ने चीनी ताइपे को हराकर कांस्य पदक जीता।

मिश्रित तीरंदाजी जोड़ी का भी गोल्ड पर कब्जा

चिकिता तनीपार्थी और साहिल जाधव की भारत की कंपाउंड मिश्रित तीरंदाजी जोड़ी ने रोमांचक शूट ऑफ में दक्षिण कोरिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता और 2028 ओलंपिक कोटा स्थान हासिल किया। चिकिता और साहिल ने शानदार संयम का परिचय देते हुए रोमांचक फाइनल में दक्षिण कोरिया की जंगयून पार्क और चोई यून ग्यू को शूट ऑफ के बाद 158-157 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया। चीन की फांगयाओ एफ वेई और जिनयी लियू ने कांस्य जीता। भारतीय मिश्रित टीम ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 156-155 से हराकर गोल्ड मेडल के मुकाबले में एंट्री की थी।

मुक्केबाजी में भारत को मिला ब्रॉन्ज मेडल

भारतीय मुक्केबाज प्रिया घंघास ने महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की पूर्व विश्व चैंपियन यांग चेंग्यू से हार गई और ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। 20 वर्षीय प्रिया चीनी प्रतिद्वंद्वी से 1-4 से हारीं। वहीं, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने बुधवार को महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह पक्की की। लवलीना ने 75 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की मुक्केबाज नतालिया बोगदानोवा पर 3-2 के विभाजित फैसले से जीत हासिल की। बोगदानोवा 70 किलोग्राम में मौजूदा विश्व चैंपियन हैं। इससे वह लगातार दो बार एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं।


संबंधित समाचार