होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

बिहार में एनडीए या महागठबंधन की सरकार? जानें क्या कह रहे सभी Exit Poll

बिहार में एनडीए या महागठबंधन की सरकार? जानें क्या कह रहे सभी Exit Poll

 

बिहार विधानसभा चुनाव में 7 नवंबर को तीसरे तथा अंतिम चरण की वोटिंग के साथ ही सभी 243 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया। वही, अब बिहार के करोड़ों मतदाताओं के साथ-साथ देशभर की जनता की नजरें एग्जिट पोल्स पर टिक गई हैं। ऐसे में बिहार चुनाव से संबंधित आए कई एग्जिट पोल के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत विपक्षी महागठबंधन को सत्तारूढ़ नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (एनडीए) पर बढ़त मिलती दिख रही है। कम से कम तीन एग्जिट पोल में महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। बता दें कि महागठबंधन ने राजद नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है।

अधिकतर एग्जिट पोल में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीत जद (यू) की सीटों की संख्या में कमी आने और राजद को 243 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की भविष्यवाणी की है। जानकारी के लिए बता दें कि एग्जिट पोल आम तौर पर कुछ क्षेत्रों के सीमित मतदाताओं से मिली प्रतिक्रिया पर आधारित होते हैं और इनमें से किसी में भी 100 प्रतिशत सटीकता का रिकार्ड नहीं है। 

जानिए क्या कहते है एग्जिट पोल 

टुडेज चाणक्य-सीएनएन न्यूज 18 के एग्जिट पोल में राजद नीत महागठबंधन को 180 तथा राजग को 55 और अन्य को आठ सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। 

वही, इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में महागठबंधन को 139-161 सीटें और राजग को 69-91 मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसने अलावा लोजपा को 3-5 सीटें और अन्य के लिए भी 3-5 सीटों का अनुमान लगाया गया है।

एबीपी-सीवीओटर एग्जिट पोल के अनुसार, राजग को 104-128 सीटें और विपक्षी महागठबंधन को 108-131 सीटें मिल सकती हैं। इसमें चिराग पासवान नीत लोजपा को 1-3 सीटें मिलने का अनुमान है।

टाइम्स नाउ-सीवोटर के अनुसार राजग को 116, विपक्षी महागठबंधन को 120 और लोजपा को एक सीट मिल सकती है।

रिपब्लिक टीवी-जन की बात के एग्जिट पोल ने भी राजद नीत गठबंधन को 128 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत दिया है वहीं उसने सत्तारूढ़ राजग को 104 सीटें तथा लोजपा को सात सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

इसके अलावा टीवी9 भारतवर्ष ने राजग को 115 सीटें, महागठबंधन को 120 और लोजपा तथा अन्य को चार-चार सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

मतों के संदर्भ में टुडेज चाणक्य ने विपक्षी गठबंधन को 44 प्रतिशत और राजग को 34 प्रतिशत मत मिलने का अनुमान लगाया है।

हालांकि, एबीपी-सीवीओटर ने राजग को 37.7 प्रतिशत, महागठबंधन को 36.3 प्रतिशत और अन्य को 26 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के सर्वेक्षण में 44 फीसदी लोगों ने तेजस्वी यादव को अगले मुख्यमंत्री के रूप में पसंद किया वहीं 35 फीसदी लोगों ने नीतीश कुमार को एक और मौका देने पर जोर दिया। इसने राजद नीत गठबंधन को 44 प्रतिशत और राजग को 39 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया। 

जानें 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में किसको कितनी सीट मिली थी 

वर्ष 2015 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने 18 प्रतिशत वोट हिस्सेदारी के साथ 80 सीटें जीती थीं वहीं जद (यू) ने 11 प्रतिशत मतों के साथ 71 सीटें जीती थीं। भाजपा ने 24 फीसदी मतों के साथ 53 सीटें जीती थीं और कांग्रेस को 27 सीटें मिली थीं और उसे सात फीसदी मत मिले थे। जानकारी के लिए आपको बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना 10 नवंबर को होगी। ऐसे में कुल 243 सीटों में से बहुमत के लिए 122 सीटें चाहिए।

यह भी पढ़ें- US Election 2020: अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति चुने गए जो बिडेन, कमला हैरिस होंगी उपराष्ट्रपति


संबंधित समाचार