होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

कुलदीप राठौर बोले- BJP सरकार के 9 साल में देश का हुआ बुरा हाल

कुलदीप राठौर बोले- BJP सरकार के 9 साल में देश का हुआ बुरा हाल

 

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में बीजेपी अपने नौ साल को बेमिसाल बताते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिना रही है। इस बीच कांग्रेस ने इसपर हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि 9 साल में देश की कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है।

मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 9 वर्षों में देश का बुरा हाल हुआ है। कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सीमाओं पर तनाव बढ़ा है। आतंकवाद जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। नोटबंदी जैसे निर्णयों से आर्थिक हालात जर्जर हुए हैं और अब 2000 के नोट को लेकर जो फैसला लिया गया है, उससे साबित हो गया है कि नोटबंदी मोदी सरकार का गलत फैसला था।

उन्होंने कहा कि 9 साल की भाजपा के पास गिनाने की कोई उपलब्धि नहीं है। कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता से जो वायदे किए थे, वे जुमले साबित हुए हैं। मोदी सरकार ने हर वर्ष 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था लेकिन रोजगार देने की बजाय उपलब्ध रोजगार भी छीन लिए गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता को नहीं बल्कि चंद पूंजीपतियों का भला हुआ है। आज देश में लेाकतंत्र की हत्या की जा रही है। विपक्ष को सदन में बोलने तक नहीं दिया जा रहा है। 

कुलदीप राठौर ने आगे कहा कि देश में अब भाजपा विरोधी लहर चल पड़ी है। हिमाचल के बाद कर्नाटक में कांग्रेस की जीत इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भी अब भलीभांति जान चुकी है कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है, जो हर वर्ग का हितों का ध्यान रख सकती है।  

 


संबंधित समाचार