होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

सेमीफाइनल से पहले टूटा टीम इंडिया का सपना, ऑस्ट्रेलिया ने T20 World Cup से किया बाहर

सेमीफाइनल से पहले टूटा टीम इंडिया का सपना, ऑस्ट्रेलिया ने T20 World Cup से किया बाहर

 

ICC Women's T20 WC: भारतीय टीम आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया को 6 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया का सफर वर्ल्ड कप में खत्म हो गया। वहीं, टीम इंडिया की हार के कारण साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल में जगह मिल गई। उधर, ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई मैच गंवाए सीधे सेमीफाइनल में एंट्री मार ली।

लॉर्ड्स में खेले गए इस मुकाबले पर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि साउथ अफ्रीकी टीम और उनके फैंस की भी नजरें लगी थीं। इस ग्रुप से ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल में जगह पहले ही पक्की हो चुकी थी, जबकि दूसरे स्थान के लिए मुकाबला टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच था। भारत-ऑस्ट्रेलिया की टक्कर से कुछ ही देर पहले साउथ अफ्रीका ने इसी मैदान पर अपने आखिरी ग्रुप मैच में बांग्लादेश को रोमांचक मुकाबले में हराकर 8 पॉइंट्स तक पहुंच बना ली थी। मगर उसका नेट रनरेट भारत से कम था। ऐसे में टीम इंडिया को आगे बढ़ने के लिए सिर्फ जीत की जरूरत थी।

हरमनप्रीत के दम पर बनाया दमदार स्कोर

टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसके लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा (34) की जोड़ी ने दमदार शुरुआत की। खास तौर पर शेफाली ने बाउंड्री बटोरने पर ज्यादा ध्यान दिया। मगर पावरप्ले के बाद दोनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। पारी के 10वें ओवर में 66 के स्कोर पर यह साझेदारी टूटी। फिर 12वें ओवर में मंधाना भी रन आउट हो गईं। मंधाना 12वें ओवर तक क्रीज पर रहीं, लेकिन 37 गेंदों में सिर्फ 38 रन ही बना सकीं।

इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जेमिमा रॉड्रिग्ज (34) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। जहां कप्तान कौर तेजी से रन बना रही थीं, वहीं जेमिमा को ज्यादा सफलता नहीं मिल रही थी। आखिरी ओवर में हरमनप्रीत (56) ने लगातार तीन छक्के जड़ते हुए सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनकी शानदार पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

पैरी और गार्डनर ने छीनी जीत

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही ओवर में अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद उसके बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए पारी को संभाला। 10वें ओवर में बेथ मूनी के रूप में तीसरा विकेट गिरा, तब टीम का स्कोर सिर्फ 68 रन था। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया मुश्किल में नजर आ रही थी।

लेकिन इसी समय महिला क्रिकेट की दिग्गज एलिस पैरी और स्टार ऑलराउंडर ऐश्ली गार्डनर ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। पैरी और गार्डनर ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 100 रन की साझेदारी कर मैच पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया की झोली में डाल दिया। एलिस पैरी ने 38 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि ऐश्ली गार्डनर ने 29 गेंदों में 53 रन की नाबाद पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया।


संबंधित समाचार