Side Effects of Drinking Too Much Tea: हम में से कई लोग ऐसे हैं जिनकी सुबह की शुरुआत चाय के बिना हो ही नहीं सकती। एक कप चाय जैसे ही हाथ में आती है, लगता है कि दिन की सही शुरुआत हो गई। लेकिन यही आदत कब दो कप से तीन और फिर चार कप तक पहुंच जाती है, इसका अंदाजा भी नहीं लगता। ज्यादा चाय पीने से कुछ लोगों को अक्सर गैस (Gas), एसिडिटी (Acidity), घबराहट (Anxiety) और नींद की समस्या (insomnia) होने लगती है। कई बार थकान या तनाव को दूर करने के लिए लोग बार-बार चाय पी लेते हैं, लेकिन असल में ये कितना सही है और गलत इसके बारे में अक्सर लोगों को मालूम नहीं होता है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि चाय कितनी मात्रा में पीना सही है और कब यह नुकसान करने लगती है।
एक दिन में कितनी चाय पीना सही है?
कई स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, दिन में दो से तीन कप चाय पर्याप्त मानी जाती है। इससे ज्यादा चाय पीने पर शरीर में कैफीन की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे एसिडिटी (Acidity), बेचैनी (Restlessness) और नींद की कमी जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। जैसे खाने में नमक सीमित मात्रा में अच्छा लगता है, अगर ज्यादा हो जाए तो नुकसान करता है, वैसे ही चाय भी संतुलित मात्रा में ही फायदेमंद होती है। इसलिए अपनी रोज की चाय की गिनती पर ध्यान देना जरूरी है।
रिसर्च क्या कहती है?
कुछ शोधों में पाया गया है कि सीमित मात्रा में और बिना ज्यादा चीनी वाली चाय पीना दिल की सेहत के लिए लाभकारी हो सकता है। हफ्ते में तीन से चार बार हल्की चाय पीने से दिल से जुड़े रोग के खतरे में कमी देखी गई है। लेकिन यह लाभ तभी मिलता है जब चाय कम दूध और कम चीनी के साथ ली जाए। बहुत मीठी और ज्यादा दूध वाली चाय से वजन बढ़ने और शुगर असंतुलन का खतरा बढ़ सकता है।
खाली पेट चाय क्यों नहीं पीना चाहिए?
बहुत से लोग सुबह उठते ही खाली पेट चाय या कॉफी पी लेते हैं, जो पेट में एसिड बढ़ा सकती है. इससे गैस, जलन और अपच की समस्या हो सकती है। इसलिए बेहतर होगा कि सुबह पहले एक गिलास गुनगुना पानी या ताजा फल लें, उसके बाद हल्की चाय पिएं। इससे पाचन बेहतर रहेगा, ब्लड प्रेशर संतुलित रहेगा और दिन भर शरीर में प्राकृतिक ऊर्जा बनी रहेगी। संतुलित आदतें ही अच्छी सेहत की असली कुंजी हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है। अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें। जनता टीवी किसी तरह का दावा नहीं करता है।