Haryana Weather: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार को हिसार, जींद, फतेहाबाद, भिवानी में बूंदाबांदी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हुई। वहीं, भिवानी में तेज आंधी चली। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश व तेज हवा चलने की संभावना जताई है। मौसम में आए बदलाव की वजह से प्रदेश में रात के तापमान में सामान्य के मुकाबले 2.4 डिग्री और दिन में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
मौसम विशेषज्ञ चंद्रमोहन ने बताया कि मध्यम श्रेणी का एक पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार रात से सक्रिय हुआ जिसके असर से दिन में बादल छाए रहे और महेंद्रगढ़ जिले में बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद पश्चिमी हिस्सों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जीद, भिवानी जिले में आंधी का असर रहा। शाम पांच बजे के बाद बारिश और ओलावृष्टि हुई। रविवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जीद में तेज हवा चलने व बूंदाबांदी के आसार हैं।
चरखी दादरी में 4706 हेक्टेयर धान की फसल प्रभावित
चरखी दादरी में शुक्रवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि से 12 गांवों में धान और कपास की फसलों को नुकसान हुआ है। इन गांवों में 11,765 एकड़ धान की फसल प्रभावित हुई है जो करीब 4.706 हेक्टेयर है। वहीं, 190 एकड़ यानी 76 हेक्टेयर में कपास की फसल को भी नुकसान हुआ है। पैतावास कलां और अखत्यारपुरा में धान की 26 से 50 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान है।