होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

हरियाणा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 IPS समेत 35 अधिकारियों के तबादले

हरियाणा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 IPS समेत 35 अधिकारियों के तबादले

 

Haryana Police Transfer: हरियाणा सरकार ने शनिवार देर रात पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 35 पुलिस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं।

इनमें 13 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और 22 हरियाणा पुलिस सेवा (एचपीएस) अधिकारी शामिल हैं। आदेशों के तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करने के साथ विभिन्न जिलों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं।

IPS नवदीप सिंह विर्क बने मानवाधिकार आयोग के महानिदेशक

आईपीएस अधिकारी नवदीप सिंह विर्क को हरियाणा मानवाधिकार आयोग का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह अभी तक हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के महानिदेशक तथा सतर्कता एवं सुरक्षा के निदेशक का कार्यभार संभाल रहे थे।

उनकी जगह डॉ. माटा रवि किरण को हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें सतर्कता एवं सुरक्षा निदेशक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

बी सतीश बालन को दी महानिरीक्षक की जिम्मेदारी

बी सतीश बालन को रेलवे एवं कमांडो का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वे अभी तक एसटीएस के चीफ की भूमिका में थे। वहीं, मनीष चौधरी को पंचकूला में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। उनके पास जेल विभाग के पुलिस महानिरीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा।

सिमरदीप सिंह को भोंडसी स्थित विशेष कार्यबल (एसटीएफ) का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। उनके पास झज्जर के पुलिस आयुक्त और भारतीय रिजर्व बटालियन भोंडसी के पुलिस महानिरीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा।

हरियाणा के लोकायुक्त अधीक्षक का पद संभालेंगे धीरज कुमार

पुलिस मुख्यालय में धीरज कुमार को पुलिस अधीक्षक के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास हरियाणा लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। सुमित कुमार को मानेसर स्थित चौथी आईआरबी बटालियन के अतिरिक्त कमांडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह यह कार्यभार अपने वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त संभालेंगे। यह नियुक्ति प्रतीक गहलोत के कार्यभार से मुक्त होने के बाद प्रभावी होगी।

विक्रांत भूषण को सोनीपत के गोहाना में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नियुक्त किया गया है। वहीं, जितेंद्र गहलावत को सोनीपत में अपराध शाखा का पुलिस उपायुक्त लगाया गया है। हितेश यादव को बहादुरगढ़ से स्थानांतरित कर गुरुग्राम में यातायात पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

उनके पास गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की एमईआरसी शाखा का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। उनके संबंध में 20 सितंबर 2026 को जारी पूर्व आदेश रद कर दिया गया है।

चार जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त

सरकार ने चार आईपीएस अधिकारियों को उनके वर्तमान वेतनमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। इनमें दिव्यांशी सिंगला को फतेहाबाद, दीपिका अग्रवाल को रेवाड़ी, हर्षित गोयल को पानीपत और मयंक मुद्गिल को हिसार में तैनात किया गया है।


संबंधित समाचार