Kedarnath Viral Video: बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के तमाम दावों और गाइडलाइन की पोल एक बार फिर खुल गई है। केदारनाथ धाम के मुख्य मंदिर परिसर के ठीक सामने यात्रियों द्वारा खुलेआम नाच-गाना कर रील बनाई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। BKTC ने यात्रा शुरू होने से पहले दावा किया था कि मंदिर परिसर के 50 मीटर के दायरे में वीडियोग्राफी, रील, नाच-गाना और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई थी। लेकिन वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंदिर के सामने ही कुछ यात्री तेज आवाज में गाने बजाकर डांस कर रहे हैं और रील बना रहे हैं। वहीं, वहां तैनात सुरक्षा कर्मी मूकदर्शक बने हुए हैं। इससे पहले भी कई बार ऐसी तस्वीरें सामने आ चुकी हैं, जिससे सवाल उठता है कि क्या BKTC के नियम सिर्फ कागजों तक ही सीमित हैं।
स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों ने इस तरह की गतिविधियों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि धाम की मर्यादा और पवित्रता बनी रहे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं। केदारनाथ धाम में रील और वीडियो बनाने को लेकर पहले से ही प्रशासन की ओर से नियम और पाबंदियां लागू की गई हैं।
बद्री-केदार मंदिर समिति ने की ये अपील
ऐसे में मंदिर के सामने डांस का वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि पाबंदी लगाने के बावजूद मंदिर परिसर में इस तरह की गतिविधि कैसे हुई। बद्री-केदार मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं से केदारनाथ धाम की धार्मिक गरिमा का ध्यान रखने और यात्रा के दौरान संयम बनाए रखने की अपील की गई है। वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है। मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।