Haryana Budget Session Day 9: हरियाणा बजट सत्र के 8वें दिन प्रश्नकाल की समाप्ति हो गई है। इस दौरान विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी कई सवाल पूछे। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा कि लोग नहर का गंदा पानी पी रहे हैं। अधिकारी सरकार को फेक रिपोर्ट दे रहे हैं। सरकार को इसे चेक कराना चाहिए।
घनश्याम दास अरोड़ा ने इस मुद्द्दे पर विधानसभा में जताई चिंता
इसके साथ ही बीजेपी विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने थर्मल पावर प्लांट में से निकलने वाले प्रदूषण का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि जो गांव प्रभावित हैं, उन्हें राहत दी जाएगी। मैंने कल ही गांव का दौरा किया है।
शून्यकाल में भी विधायकों ने कई सवाल उठाए। दोपहर बाद बजट पर चर्चा होगी, जिसमें विपक्ष के विधायकों द्वारा हंगामा किए जाने के आसार हैं। कल की कार्यवाही में सतलुज यमुना लिंक (SYL) का बजट में जिक्र नहीं होने का मुद्दा उठाया गया था, जिसको लेकर सदन में हंगामें की स्थिति बनी रही।
उकलाना में मेडिकल कॉलेज की मांग तेज
उकलाना से कांग्रेस विधायक नरेश सेमवाल ने क्षेत्र के अस्पतालों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से यहां मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि उकलाना और बरवाला दोनों जगह बस स्टैंड बनाए जाएं, जबकि अभी केवल बरवाला में बना है. साथ ही किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
सफाई कर्मचारियों को पक्का करना चाहिए: एमएलए रामकरण
कार्यवाही के दौरान विधायक रामकरण काला ने सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, "कोई कर्मचारी 18 साल से काम कर रहा है, कोई 12 साल से काम कर रहा है. फिर भी उन्हें पक्का नहीं किया गया।
विधायक गीता भुक्कल बोली- युवाओं को नौकरी नहीं दी जा रही
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने सदन में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं देने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मेरी विधानसभा क्षेत्र में तेजी से औद्योगिक विकास हो रहा है, यहां पर बड़ी-बड़ी प्राइवेट कंपनियां अपनी औद्योगिक इकाईयां संचालित कर रही हैं। इसके बाद भी यहां के युवाओं को नौकरी नहीं दी जा रही है।