Congress Reshuffle: कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की खबर है। कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और एआईसीसी में बदलाव की आहट तेज हो गई है। यह बदलाव आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी को मजबूत करने के लिए किए जा रहे हैं।
चार महासचिवों की हो सकती है छुट्टी
सूत्रों के मुताबिक, चार महासचिवों की छुट्टी हो सकती है। इसके अलावा तीन से चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। छह से सात राज्यों के प्रदेश प्रभारी हटाए जाएंगे। करीब 26 राष्ट्रीय सचिवों की छुट्टी होगी। वर्तमान में 62 राष्ट्रीय सचिव हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद, महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडंकर और राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा हटाए जा सकते हैं। दरअसल, बीके हरिप्रसाद कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बन चुके हैं। ऐसे में हरियाणा में उनकी जगह किसी नए चेहरे को पार्टी प्रभारी या महासचिव नियुक्त किया जा सकता है।
केरल में कांग्रेस के सरकार में आने के बाद रमेश चेन्निथला मंत्री बने हैं। ऐसे में उनकी जगह महाराष्ट्र में नया प्रभारी बनाया जाएगा। केरल के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी जोसेफ भी मंत्री बने हैं। ऐसे में संगठन से उनकी विदाई तय मानी जा रही है। तमिलनाडु का प्रभार संभाल रहे गिरीश चोडंकर को बीते दिनों गोवा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। ऐसे में एआईसीसी से उनकी छुट्टी तय मानी जा रही है।
किन राज्यों में बदल सकते हैं प्रदेश अध्यक्ष?
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदल सकती है। पंजाब और उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष में बदलाव की आहट को अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी के भीतर गुटबाजी को थामने और संगठन को मजबूत करने के लिए नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।