Modi Government 12 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (10 जून, 2026) पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसी के साथ पीएम मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाला प्रधानमंत्री बन गए. बुधवार को मोदी सरकार के 12 साल पूरे हो गए. इन 12 सालों में बीजेपी ने देश की राजनीति में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. देश के नए इलाकों में भी बीजेपी का विस्तार हुआ है. साथ ही पार्टी को कई अलग-अलग समुदायों का भी समर्थन मिला है.
मोदी सरकार के 4399 दिन पूरे
पीएम मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर आज 4399 दिन पूरे हो गए. जिससे वे लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए. देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 1947 में पद संभाला था. जबकि 1951-52 में भारत में पहली बार आम चुनाव हुए. जिसमें जीत के बाद वे 1964 में अपनी मृत्यु तक इस पद पर बने रहे. वहीं भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कार्यकाल 16 साल से थोड़ा कम रहा, लेकिन वे दो अलग-अलग बार इस पद पर रहीं.
मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां
अगर मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों के बारे में बात करें तो इन सालों में मोदी सरकार ने वामपंथी उग्रवाद को खत्म कर दिया. साथ ही कल्याणकारी योजनाओं के वितरण में क्रांतिकारी बदलाव किए गए हैं. JAM ट्रिनिटी और UPI जैसे प्लेटफॉर्म के आने से डिजिटल ट्रांजेक्शन बढ़ा है. इसके अलावा रेल, सड़क और एयरपोर्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर को रफ्तार मिली है. मोदी सरकार ने भारत की रक्षा और परमाणु नीति को नया रूप दिया है, और 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए पाकिस्तानी आतंकवाद, खासकर पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया है. मोदी सरकार ने देश को कोराना जैसी महामारी और तीन विनाशकारी वैश्विक युद्धों के दौर से भी सफलतापूर्वक निकाला है.
आजादी के बाद पहली बार बंगाल में बनी बीजेपी की सरकार
पीएम के रूप में नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों की बात करें तो पीएम मोदी के दम पर आजादी के बाद पहली बार बीजेपी बंगाल की सत्ता में आई है और असम विधानसभा चुनावों में मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की शानदार जीत हुई है. पार्टी ने आजादी के बाद पहली बार बंगाल में सरकार बनाई, तृणमूल कांग्रेस को हराया और एक ऐसे राज्य में अपनी पैठ बनाई जहां कभी लेफ्ट और कांग्रेस का दबदबा था, इसी राज्य में जनसंघ के विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म हुआ था.