आज देश की राजधानी दिल्ली में विजय पर्व (victory festival) मनाया जा रहा है। इस विजय पर्व को लेकर सीडीएस जनरल बिपिन सिंह रावत (CDS Bipin Rawat) ने एक खास संदेश रिकॉर्ड किया था। इंडिया गेट (India gate) पर इस आयोजन के उद्घाटन समारोह में इस वीडियो संदेश को सबके सामने प्ले किया गया। हाल ही में चॉपर क्रैश (Chopper Crash) में अपनी जान गंवा देने वाले सीडीएस के इस वीडियो मैसेज को देख समारोह में मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई।
संदेश में जवानों को दी शुभकामना
वीडियो संदेश में सीडीएस जनरल रावत ने भारतीय सेना (Indian Army) को विजय पर्व की शुभकामना दी हैं। वह कहते हैं, “स्वर्णिम विजय पर्व के पावन अवसर पर मैं भारतीय सेना के सभी बहादुर जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय सेना की 1971 की लड़ाई में जीत की 50वीं वर्षगांठ को हम विजय पर्व के तौर पर मना रहे हैं। मैं इस पावन पर्व पर सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों को याद करते हुए उनके बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
बताई विजय पर्व की यह खास बात
आगे सीडीएस विजय पर्व के आयोजन की बात कर रहे हैं। वीडियो में वह कहते हैं, 12 से 14 दिसंबर तक इंडिया गेट पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह बड़े सौभाग्य की बात है कि विजय पर्व अमर जवान ज्योति की लौ की छांव में आयोजित किया जा रहा है जो कि हमारे वीर शहीदों की याद में स्थापित की गई है। हम सभी देशवासियों को इस विजय पर्व के जश्न में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित करते हैं। अपनी सेनाओं पर है हमें गर्व, आओ मिलकर मनाएं विजय पर्व।
यह भी पढ़ें- 'जनरल बिपिन रावत' के नाम पर होगा इस ऐतिहासिक किले के मैदान का नाम