Atiq Ahmad Son Aban Death: कुख्यात माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा एक और बड़ा घटनाक्रम गुरुवार को झांसी में सामने आया। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने आ रहे अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार सवार 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
इसकी पुष्टि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने करते हुए बताया कि पूंछ क्षेत्र के ग्राम खिल्ली में हुए सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे की भी मौत हुई है। साथ में उसके एक दोस्त सोनू की भी जान चली गई। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खिल्ली में डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू कर सभी कार सवारों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ भेजा गया। यहां दो घायलों को मृत घोषित कर दिया गया। एक घायल ने जो बताया उससे पुलिस के होश उड़ गए। उसने बताया कि मृतकों में एक अबान है, जो माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। शुरूआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।
अतीक परिवार का झांसी से तीसरी बार जुड़ा बड़ा घटनाक्रम
अतीक अहमद के परिवार का नाम झांसी में इससे पहले भी दो बड़े घटनाक्रमों से जुड़ चुका है। अतीक अहमद के बेटे असद अहमद का एनकाउंटर 13 अप्रैल 2023 को झांसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित परीछा नहर के पास हुआ था। यह कार्रवाई एसटीएफ ने की थी। असद के साथ उसके सहयोगी गुलाम हसन भी मारा गया था। दोनों उमेश पाल हत्याकाण्ड में वांछित थे और उन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों के पास से आधुनिक हथियार बरामद किए थे।
इसके बाद दूसरे बेटे अली अहमद को झांसी जिला जेल में रखा गया। अब उसी अली से मिलने आते समय सबसे छोटे बेटे अबान के हादसे का शिकार होने की खबर ने पूरे प्रदेश का ध्यान झांसी की ओर खींच दिया है।