होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

Varanasi: इफ्तार के बाद गंगा में बीच धारा शराब पार्टी, ओवैसी ने वीडियो शेयर कर कसा तंज

Varanasi: इफ्तार के बाद गंगा में बीच धारा शराब पार्टी, ओवैसी ने वीडियो शेयर कर कसा तंज

 

Ganga Beer Video: गंगा नदी के एक कथित वीडियो को लेकर सियासत तेज हो गई है। AIMIM प्रेसिडेंट असदुद्दीन ओवैसी ने इस वीडियो पर योगी सरकार से तीखे सवाल किए हैं। वाराणसी के कथित वीडियो में गंगा नदी के बीच नाव पर कुछ युवक बीयर पीते नजर आ रहे हैं। ओवैसी ने प्रश्न किया कि जब गंगा में इफ्तार करने पर मुस्लिम लड़कों को जेल भेजा गया, तो गंगा में बीयर पीने वालों के खिलाफ कब एक्शन होगा?

असदुद्दीन ओवैसी ने जिस वीडियो पर प्रश्न किया, उसमें गंगा में नाव पर कुछ युवक शर्टलेस होकर डीजे की धुन पर नाचते दिखते हैं। उनके हाथ में बीयर की कैन भी नजर आ रही है और आरोप है कि वे गंगा नदी पर बीयर पी रहे थे। 

रिपोर्ट के अनुसार, वाराणसी के नाविक समाज (माझी) की ओर से हर साल गंगा नदी में शोभायात्रा निकालने की पुरानी परंपरा है। ये शोभायात्रा वाराणसी के दशाश्वमेध शीतला मंदिर से निकलकर मिर्जापुर अदलहाट बड़ी शीतला मंदिर जाती है। इसी शोभायात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। 

गंगा नदी में इस तरह सरेआम नशा करना और शोर-शराबा करने का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ। लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसी वीडियो के आधार पर ओवैसी ने भी सरकार को घेरा है। 

ओवैसी ने क्या कहा? 

6 अप्रैल को ओवैसी ने बीयर पीने के वीडियो पर रिएक्शन देते हुए X पर लिखा, "क्या ऐसे शराब पीने की परमिशन है? क्या इससे किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचती? और क्या इससे सामाजिक सौहार्द नहीं बिगड़ता? क्या इससे सार्वजनिक उपद्रव नहीं होता? इससे 'वॉटर एक्ट' का उल्लंघन नहीं होता? और क्या सत्ताधारी दल इसकी शिकायत भी नहीं करेगा?

 ओवैसी ने अपने बयान में गंगा में इफ्तार पार्टी को लेकर मुस्लिम लड़कों की कार्रवाई की याद दिलाई। इसमें 14 मुस्लिम लड़कों को जेल भेजा गया था और वे अभी भी जेल में बंद हैं। 

इफ्तार पार्टी विवाद क्या था?

इसी साल 16 मार्च को वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी हुई थी। जैसे ही इस इफ्तार पार्टी का वीडियो वायरल हुआ, हिंदूवादी संगठन भड़क गए। आरोप लगा कि रोजेदारों ने चिकन बिरयानी खाने के बाद चिकन की हड्डी कथ‍ित तौर पर गंगा नदी में फेंक दी थीं। 

इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने इफ्तार पार्टी में शामिल लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 8 घंटे के अंदर 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। मामला अभी कोर्ट में है और आरोपी जेल में हैं। 


संबंधित समाचार