Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए पति को साले ने सिर से सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ने चार महीने पहले ही लव मैरिज की थी। पत्नी ने हत्या का आरोप अपने सगे भाई मंजीत पर लगाया है। परिवार दोनों के प्रेम विवाह से नाराज था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने का आरोप है।
यह घटना सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र की है, जहां पुलिस भर्ती परीक्षा का केंद्र बना हुआ था। खबर के मुताबिक, शामली जनपद के थाना बाबरी क्षेत्र के फतेहपुर खेड़ी बैरागी निवासी 27 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा के साथ परीक्षा दिलाने आया था। आकांक्षा का सेंटर रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज में था।
पत्नी के सामने पति को मारी गोली
आकांक्षा परीक्षा देने केंद्र के भीतर चली गई, जबकि शिव कुमार बाहर इंतजार कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंचा और शिव कुमार के सिर में नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
चार महीने पहले की थी लव मैरिज
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार महीने पहले शिव कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से उसके परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। आकांक्षा का आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते उसके भाई ने उसके पति की हत्या की है।
आकांक्षा ने बताया कि उसका भाई मंजीत कुछ अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल पर आया था। इसके बाद शिव कुमार को गोली मारकर फरार हो गया। उसने कहा कि इससे पहले भी उनके परिजनों द्वारा उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। आकांक्षा ने अपने पति के हत्यारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।