होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

'मुझे हराओ 50 लाख ले जाओ', रामपाल ने लाइव डिबेट के लिए विश्व के सभी धर्मगुरुओं को दिया खुला चैलेंज

'मुझे हराओ 50 लाख ले जाओ', रामपाल ने लाइव डिबेट के लिए विश्व के सभी धर्मगुरुओं को दिया खुला चैलेंज

 

Sant Rampal Open Debate Challenge: सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल ने देश-दुनिया के प्रमुख हिंदू धर्मगुरुओं, मठाधीशों और आचार्यों को खुली बहस की चुनौती दी है। रामपाल का दावा है कि वर्तमान समय में कई धर्मगुरुओं द्वारा जनमानस को दिया जा रहा आध्यात्मिक ज्ञान शास्त्रों के अनुरूप नहीं है। अपने इस दावे को साबित करने के लिए उन्होंने टीवी पर लाइव डिबेट की चुनौती दी है। यह डिबेट 3 और 4 अक्टूबर को प्रसारित किए जाने की बात कही गई है।

इस चुनौती का सबसे चर्चित पहलू रामपाल की ओर से किया गया 50 लाख रुपये के इनाम का ऐलान है। रामपाल का कहना है कि यदि कोई धर्मगुरु, शास्त्री या मठाधीश पवित्र सद्ग्रंथों के आधार पर उनके ज्ञान को गलत या झूठा साबित कर देता है, तो उन्हें 50 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। वहीं, उनका कहना है कि यदि उनका ज्ञान शास्त्र सम्मत और सही साबित होता है, तो वह बदले में किसी इनाम या दक्षिणा की मांग नहीं करेंगे।

विवाद के बीच सामने आया रामपाल का चैलेंज

रामपाल का यह बयान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गाने ‘तत्वदर्शी’ को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि इस गाने के बाद रामपाल के विरोध में कई जगह पोस्टर फाड़े और जलाए गए। इसी विवाद के बीच रामपाल ने धर्मगुरुओं को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है।

‘डिबेट का कोई जज नहीं होगा’

रामपाल के मुताबिक इस बहस के लिए कोई अलग जज नहीं होगा। उनका कहना है कि टीवी पर बहस देखने वाली आम जनता अपने विवेक के आधार पर तय करेगी कि कौन-सा पक्ष शास्त्रों के अनुरूप ज्ञान प्रस्तुत कर रहा है।

रामपाल ने डिबेट के लिए शास्त्रों का दायरा भी बताया है। उनके अनुसार बहस चारों वेद, श्रीमद्भगवद्गीता, 18 पुराण, वाल्मीकि रामायण, श्रीरामचरितमानस, महाभारत और श्रीमद्भागवत जैसे ग्रंथों के आधार पर होगी। उनका कहना है कि चर्चा मनगढ़ंत कहानियों के बजाय प्रमाणिक धार्मिक ग्रंथों के आधार पर होनी चाहिए।

कई धर्मगुरुओं पर लगाए गंभीर आरोप

रामपाल के सोशल मीडिया पेज ‘स्प्रीच्युअल लीडर संत रामपाल’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने कई हिंदू धर्मगुरुओं को लेकर सवाल उठाए हैं। वीडियो में प्रेमानंद महाराज, धीरेंद्र शास्त्री, श्रीश्री रविशंकर, देवकीनंदन ठाकुर और चित्रलेखा समेत कई धर्मगुरुओं की तस्वीरें दिखाई गई हैं। रामपाल ने अपने बयान में इन धर्मगुरुओं की ओर इशारा करते हुए उनके द्वारा दिए जा रहे आध्यात्मिक ज्ञान पर सवाल उठाए और उन्हें लेकर तीखी टिप्पणियां कीं।

‘तत्वदर्शी’ गाने के बाद बढ़ा विवाद

दरअसल, हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के गाने ‘तत्वदर्शी’ के रिलीज होने के बाद यह विवाद और चर्चा में आया। 26 अगस्त को मासूम शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब साढ़े तीन मिनट का यह गाना जारी किया था। गाने में पाखंडी बाबाओं और डेरों को निशाने पर लिए जाने की बात कही गई। गाना सामने आने के बाद विवाद शुरू हुआ और अब इसी पूरे मामले के बीच रामपाल ने धर्मगुरुओं को लाइव डिबेट की चुनौती दी है।

अब निगाहें इस बात पर हैं कि रामपाल की इस खुली चुनौती को कौन-कौन से धर्मगुरु स्वीकार करते हैं और 3 व 4 अक्टूबर को होने वाली प्रस्तावित बहस में किन मुद्दों पर आमना-सामना होता है।


संबंधित समाचार