Brij Bhushan Sharan Singh Reaction: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के एक बयान पर कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। पप्पू यादव ने भोजपुरी गानों में बढ़ती अश्लीलता और देशभर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के मुद्दे को उठाते हुए यौन शोषण के दोषियों को 48 घंटे में फांसी देने की मांग की थी। पप्पू यादव द्वारा महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी पर बृजभूषण ने बयान दिया- ये उनके विचार हैं क्योंकि प्राप्ति भी उसी हिसाब से हुई है।
उन्होंने कहा, "यह उनका विचार है क्योंकि उन्हें प्राप्ति उसी हिसाब से हुई है न।" गौर हो कि साल 2023 में बृजभूषण शरण सिंह भारत कुश्ती महासंघ के जब अध्यक्ष थे तब कई शीर्ष भारतीय महिला पहलवानों ने उन पर यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे। यह मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था क्योंकि खिलाड़ियों ने न्याय की मांग करते हुए भारी विरोध प्रदर्शन किया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने दो एफआईआर भी दर्ज की है और यह मामला अभी कोर्ट में है।
पप्पू यादव ने क्या कहा था?
दरअसल, बुधवार (22 अप्रैल) को पप्पू यादव ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा था कि बलात्कार के दोषियों को 48 घंटे के भीतर फांसी दी जानी चाहिए। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। उन्होंने कहा था कि न्याय प्रक्रिया में देरी अपराधियों के हौसले बढ़ाती है। पप्पू यादव आगे कहा था कि जिस भी राजनीतिक दल का नेता या कार्यकर्ता यौन शोषण के मामलों में संलिप्त पाया जाए, उसकी राजनीतिक सदस्यता तत्काल रद्द होनी चाहिए और उसे चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर देना चाहिए।
इसके अलावा पप्पू यादव ने भोजपुरी गानों और समाज में बढ़ती अश्लीलता पर तंज कसते हुए कुछ गीतों की पंक्तियों को गुनगुनाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि बड़े-बड़े मीडिया संस्थानों के मालिक और रसूखदार लोग अपने अधीनस्थों का शोषण करते हैं।इस दौरान उन्होंने मी-टू और हालिया चर्चा में रहे एपस्टीन फाइल जैस तीन अंतरराष्ट्रीय मामलों का उल्लेख भी किया था। जोर देते हुए कहा था कि शक्तिशाली लोगों की नज़रें 'आधी आबादी' यानी महिलाओं पर टिकी रहती हैं।