होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

काशी पहुंचे सीएम योगी, सावन के पहले दिन बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के किए दर्शन

काशी पहुंचे सीएम योगी, सावन के पहले दिन बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के किए दर्शन

 

Varanasi News: सावन माह के पहले दिन बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ के षोडशोपचार दर्शन-पूजन किए और जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के लिए मंगल कामना की। इसके साथ ही उन्होंने काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा कालभैरव के दर्शन-पूजन किए। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बाबा कालभैरव मंदिर में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने सस्वर भैरवाष्टकम् स्तोत्र के बीच मंगल कामना के लिए आरती भी उतारी। मुख्यमंत्री के इस प्रवास का उद्देश्य सावन माह में प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करना रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने काशी प्रवास के दौरान प्रदेशवासियों के कल्याण और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचकर मंदिर के शिखर को प्रणाम किया और गर्भगृह में विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया।

काशी विश्वनाथ मंदिर में लगी भक्तों की कतार

सावन माह के आरंभ होते ही काशी विश्वनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सावन के पहले दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। भोर से ही दर्शनार्थियों का तांता लगना शुरू हो गया था। गंगा घाट से लेकर मंदिर तक, श्रद्धालुओं की कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने विधि-विधान से जलाभिषेक किया और देवाधिदेव महादेव से सुख-समृद्धि की कामना की।  

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।

ऐसी मान्यता है कि सावन माह में भगवान शिव की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। इसी विश्वास के साथ, देश के विभिन्न कोनों से श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए वाराणसी पहुंच रहे हैं।
 


संबंधित समाचार