Himachal Pradesh Weather Update: हिमाचल प्रदेश पर अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने बुधवार और वीरवार को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सिरमौर जिले के लिए बुधवार को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि चंबा, कुल्लू, सोलन समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
कल 4 जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार वीरवार 30 जुलाई को चंबा, सिरमौर, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला जिलों में भी भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
विशेष सतर्कता के निर्देश
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ऑरेंज अलर्ट के दौरान यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
3 अगस्त तक तेवर दिखाएगा मौसम
प्रदेश में 3 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा। 31 जुलाई से 3 अगस्त तक अधिकांश जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। एक अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों में फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अभी सामान्य से कम बारिश
मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। एक जून से 28 जुलाई के बीच प्रदेश में सामान्य 330.9 मिमी के मुकाबले 310.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से कम है। हालांकि कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश भी दर्ज की गई है, जबकि कई जिलों में अब भी वर्षा की कमी है।