Weather Update: दक्षिण-पश्चिम में मानसून का आगमन हो चुका है. गुरुवार को केरल में जोरदार बारिश हुई. अब मानसून केरल के बाद कर्नाटक के साथ तमिलनाडु के इलाकों में आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग की मानें तो अगले 2-3 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में पहुंचने की उम्मीद है. इस बीच मौसम विभाग ने 5 जून को यूपी, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु समेत देश के 18 राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी दी है.
इस बीच 60 से 70 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने वाली हैं. दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. इन राज्यों में IMD ने भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले सात दिनों के दौरान केरल और कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है.
18 राज्यों में जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत 18 राज्यों में आज हल्की से भारी बारिश होने के आसार बने हुए हैं. कई जगहों पर 80 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी.
दिल्ली में आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली के आसमान में आज बादल छाए रहने वाले हैं. सुबह से दोपहर तक बारिश हो सकती है. इस बीच 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने वाली हैं. 6 जून को आंशिक रूप से बादल छाएंगे. कई जगहों पर एक तापमान में गिरावट भी हो सकती है.
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश
उत्तर प्रदेश के लिए अच्छी खबर है. मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस बीच 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी. वहीं पूर्वी यूपी में 7-10 जून यानि तीन दिन और पश्चिमी यूपी में 8-10 जून यानि दो दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है.