Virat Kohli Vrindavan Visit: विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक की मदद से आरसीबी ने आईपीएल 2026 का खिताब रविवार की रात को जीता। टीम को चैंपियन बने 48 घंटे भी नहीं हुए हैं और विराट कोहली वृंदावन पहुंच गए हैं। उनके साथ उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी हैं। आईपीएल 2026 के बीच में अक्षय तृतीया के मौके पर भी विराट और अनुष्का को वृंदावन में देखा गया था।
विराट-अनुष्का ने प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए
विराट कोहली लंबे समय से प्रेमानंद जी महाराज को फॉलो कर रहे हैं। अनुष्का शर्मा के साथ कई सालों से वह उनका आशीर्वाद लेने जाते हैं। आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद भी विराट कोहली ने प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने सुबह करीब 4 बजे प्रेमानंद महाराज जी से यमुना किनारे उनके एकांतवास में मुलाकात की और आशीर्वाद लिया। उसके बाद दोनों ने प्रेमानन्द महाराज जी के गुरु से भी मुलाकात की।
यमुना किनारे बनी हुई कुटिया में प्रेमानंद महाराज से दोनों ने मुलाकात की और करीब 45 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा की। इस दौरान विराट और अनुष्का नंगे पैर नजर आए। उनके गले मे तुलसी की माला और मांथे पर तिलक में दिखाई दिये।
बड़े गुरुदेव जी से भी लिया आशीर्वाद
प्रेमानंद महाराज जी से मुलाकात के बाद अनुष्का शर्मा विराट कोहली प्रेमानंद जी के गुरुदेव से मुलाकात करने उनके आश्रम पहुंचे। उन्होंने श्री हित गौरंगी शरण महाराज जी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। करीब 30 मिनट तक उन्होंने दादा गुरु बड़े महाराज जी से आध्यात्मिक चर्चा की।
विराट ने आईपीएल में रनों की बरसात की
आईपीएल 2026 में 37 साल के विराट कोहली के बल्ले से 675 रन निकले। वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर रहे। 16 मैचों में विराट ने 56 की औसत औऱ 166 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास के किसी भी सीजन में उनका बेस्ट स्ट्राइक रेट है। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक के अलावा एक शतक भी निकला। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में सिर्फ वैभव सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट ही विराट से बेहतर रहा।