होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

Uttarakhand: सेवादार को बंधक बना गुरुद्वारे पर 7 निहंग सिखों ने किया कब्जा, इंटरनेट सेवा पर रोक 

Uttarakhand: सेवादार को बंधक बना गुरुद्वारे पर 7 निहंग सिखों ने किया कब्जा, इंटरनेट सेवा पर रोक 

 

Uttrakhand News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित नगरासू गुरुद्वारे में तनाव की स्थिति बनी हुई है। आरोप है कि सात निहंग सिखों ने गुरुद्वारे पर कब्जा कर लिया और एक बुजुर्ग सेवादार को बंधक बना लिया। घटना के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात को काबू में करने की कोशिश में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, निहंग सिखों और गुरुद्वारा प्रबंधन के बीच विवाद के बाद मामला बढ़ गया। आरोप है कि निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और परिसर पर नियंत्रण करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ सेवादारों के साथ मारपीट भी हुई। बताया गया कि दो सेवादारों को बंधक बनाया गया था, जिनमें से एक को बाद में छोड़ दिया गया, जबकि एक बुजुर्ग सेवादार अभी भी उनके कब्जे में है।

घटना को देखते हुए प्रशासन ने रुद्रप्रयाग और श्रीनगर क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं, ताकि सोशल मीडिया पर अफवाहें और भ्रामक जानकारी फैलने से रोकी जा सके। पुलिस और प्रशासन लगातार बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल कोई अंतिम नतीजा सामने नहीं आया है।

यह विवाद हाल ही में कर्णप्रयाग में निहंग सिख यात्रियों और स्थानीय युवकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद शुरू हुए तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है। उस घटना में तलवारें चलने से कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने कुछ सिख युवकों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद सिख समुदाय के एक वर्ग में नाराजगी बढ़ गई।

इसी मामले को लेकर पंजाब से सांसद सरबजीत सिंह खालसा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार के एसएसपी से मुलाकात कर वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की मांग की। सांसद ने कर्णप्रयाग मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि गिरफ्तार युवकों ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की थी। उन्होंने यह भी कहा कि सिखों के लिए कृपाण रखना संवैधानिक अधिकार है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए।


संबंधित समाचार