Neeraj Goyat Slapped By Russian Boxer: हरियाणा के स्टार अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज नीरज गोयत और रूस के धाकड़ बॉक्सर मार्क उरवानोव के बीच होने वाले महामुकाबले से पहले ही रिंग के बाहर की जंग बेहद हिंसक हो गई है। रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित एक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पारंपरिक 'फेस-ऑफ' (सामने खड़े होकर आंखें मिलाने की रस्म) के समय रूसी मुक्केबाज मार्क ने नीरज गोयत को अचानक थप्पड़ जड़ दिया। इस अप्रत्याशित हमले के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों और दोनों टीमों के सदस्यों को बीच-बचाव के लिए कूदना पड़ा।
इस अपमानजनक घटना से बेहद गुस्से में आए नीरज गोयत ने मंच पर ही रूसी बॉक्सर को ललकारते हुए कहा, "अब यह मामला बिल्कुल पर्सनल हो चुका है। आई विल किल यू इन द रिंग (मैं तुम्हें रिंग के अंदर मजा चखाऊंगा)।" बाद में नीरज ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया। उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि यह मुकाबला अब महज एक खेल नहीं रह गया है, बल्कि उनके स्वाभिमान और देश की प्रतिष्ठा से जुड़ी एक व्यक्तिगत चुनौती बन चुका है।
पहले से जारी थी जुबानी जंग
दरअसल, इस मुकाबले को लेकर दोनों खिलाड़ियों के बीच पिछले एक हफ्ते से सोशल मीडिया पर भी जुबानी तीर चल रहे थे। मार्क उरवानोव ने एक वीडियो जारी कर भारतीय बॉक्सर को कमजोर बताते हुए कहा था कि मॉस्को की रिंग में टिकना नीरज के बस की बात नहीं होगी। इसके जवाब में नीरज ने भी एक वीडियो के जरिए पलटवार करते हुए कहा था कि कई विदेशी मुक्केबाज भारतीय खिलाड़ियों को कम आंकने की भूल करते हैं, लेकिन हमारे देश के मुक्केबाज दुनिया भर में अपनी ताकत का लोहा मनवा चुके हैं।
मुकाबले के प्रमोशन के दौरान नीरज ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए मार्क उरवानोव का एक पोस्टर भी फाड़ दिया था, जिससे रूसी बॉक्सर मन ही मन खार खाए बैठा था और उसी की खुन्नस उसने प्रेस कॉन्फ्रेंस में निकाली। सचिन ने बताया कि शमा बॉक्सिंग के बैनर तले होने वाला यह नॉकआउट मुकाबला 18 जून को भारतीय समयानुसार रात करीब 7:30 बजे शुरू होगा। नीरज गोयत की पूरी टीम 14 जून को ही मॉस्को पहुंच गई थी और इस थप्पड़ का करारा जवाब देने के लिए नीरज रिंग में उतरने को पूरी तरह बेताब हैं।