भोजपुरी सुपरस्टार यश कुमार और काजल राघवानी (Kajal Raghwani) के फैन्स के लिए एक बेहतरीन खबर सामने आई है। भोजपुरी फिल्म (Bhojpuri Movie) ‘दंडनायक’ (Dandnayak) का ट्रेलर 15 दिसंबर को इंटरटेन रंगीला द्वारा रिलीज किया जाएगा। हाल ही में रिलीज हुआ फिल्म का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (Social Media Platform) पर जमकर वायरल हुआ था। हमेशा अलग विषयों पर काम करने वाले यश की इस फिल्म से काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं। ट्रेड पंडितों की मानें तो यश कुमार की फिल्में सिने उद्योग में हुए बदलाव का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। सिनेमा निर्माण के तकनीकी विकास में समय-समय पर बदलाव होता रहा है, लेकिन कमजोर कंटेंट के कारण ये अपना पुराना पारंपरिक दर्शक खोता जा रहा है। यश कुमार के अथक प्रयास से भोजपुरी सिनेमा (Bhojpuri Cinema) में हमें आज कई तरह-तरह के परिवर्तन और विकास देखने को मिल रहे हैं।
इस अवसर पर यश कुमार (Yash Kumar) का कहना है, कि ‘ये वो क्षण है जब मैं सबसे ज्यादा उत्साहित हूं। ये मेरी तमाम फिल्मों में से सबसे बेहतरीन फिल्म है। मेरी तमाम फिल्मों को आप सब का बेहद प्यार और आशीर्वाद मिला है। फिल्म का निर्माण भव्य पैमाने पर हुआ है। बहुत जल्द ये पूरे देश में एक साथ रिलीज की जाएगी।'
'यश की अभिनय क्षमता कमाल की है'-काजल राघवानी
वहीं, अभिनेत्री काजल राघवानी कहती है, ‘मैंने काफी फिल्में की हैं, लेकिन ये बाकी फिल्मों से बहुत अलग है। बेशक बेहतरीन कहानी और मेहनतकश टेक्नीशियन के बल पर ही ऐसी बेहतरीन फिल्में बनाई जा सकती हैं, यश की अभिनय क्षमता कमाल की है। इसका कॉन्सेप्ट मुझे पसंद आया। मेरे ख्याल से हर भोजपुरी प्रेमी को ये फिल्म एक बार जरूर देखनी चाहिए।'
इस फिल्म में यश कुमार और काजल राघवानी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। साथ ही फिल्म में प्रीति शुक्ला, राधे कुमार, वर्षा तिवारी, संजीव मिश्रा, नवीन मिश्रा, अवनीश दुबे, अनुराग ठाकुर, धनंजय सिंह, मनोज मोहानी, नौशाद शेख इत्यादि भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म के निर्देशक सुजीत वर्मा और कार्यकारी निर्माता शैलेंद्र सिंह हैं। कहानी यश कुमार की है। पटकथा और संवाद एस.के. चौहान और संगीत मुन्ना दुबे ने दिया है।
यह भी पढ़ें- कृति सेनन ने किराये पर लिया अमिताभ बच्चन का ड्युपलेक्स फ्लैट, 10 लाख होगा किराया