Shehzad Poonawalla: लंबे समय से बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला के पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं। एक्स प्रोफाइल पर बायो बदले जाने के बाद से सियासी गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। बता दें कि बीते गुरुवार को ही उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर अपना प्रोफाइल बायो बदला था। इसमें उन्होंने पार्टी का नाम हटा दिया है। शहजाद ने अपने X और दूसरे सोशल मीडिया हैंडलों के डिस्क्रिप्शन से भी बीजेपी शब्द हटा दिया है और उसकी जगह भारतीय लिख दिया। हालांकि, इसमें उन्होंने लाइफ लॉन्ग फॉलोवर ऑफ नरेंद्र मोदी लिख रखा है।
साल 2021 में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2021 में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी और नवंबर 2021 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया था और उससे पहले वह कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे। शहजाद पूनावाला ने दिसंबर 2017 में कांग्रेस पार्टी छोड़ी थी। उन्होंने उस समय कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ बगावत की थी और पार्टी में परिवारवाद का खुलकर विरोध किया था।
शहजाद पूनावाला ने एक्स बायो पर क्या बदलाव किया है
शहजाद पूनावाला ने अपने अपडेटेड X बायो का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा था, "धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय, लेखक: GST की यात्रा। इसके अलावा उन्होंने खुद को पीएम नरेंद्र मोदी का आजीवन फॉलोवर बताया है।
शहजाद पूनावाला बीजेपी के कुशल प्रवक्ता माने जाते हैं
शहजाद पूनावाला ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में विभिन्न टेलीविजन बहसों और मंचों पर पार्टी की नीतियों का पुरजोर बचाव करते हैं। कई बार विरोधी पार्टी के प्रवक्ताओं से उलझते भी दिखते हैं। वह खुद को हिंदू संस्कृति को मानने वाले बताते हैं। अक्सर मंदिर में पूजा-पाठ करते भी देखे जाते हैं। वह डिबेट में पाकिस्तान की भी बखिया उधेड़ते नजर आते हैं।