Holi Colour Remover From Car Bike: आज होली का त्योहार है। इस दिन लोग जमकर एक दूसरे पर रंग फेंकते हैं। कई लोग दूर के रिश्तेदार और दोस्तों के यहां कार और बाइक से जाते हैं। इस दौरान लोग उनपर भी रंग फेंक देते हैं। होली पर गाड़ियों पर रंग लगना आम बात है।
लेकिन अगर इन्हें सही तरीके से साफ न किया जाए तो पेंट की चमक फीकी पड़ सकती है। खासकर केमिकल वाले रंग बॉडी पर दाग छोड़ सकते हैं। इसलिए रंग लगते ही तुरंत सफाई करना जरूरी है। सवाल यह है कि कैसे साफ करें जिससे गाड़ियों का पेंट सेफ रहे और गाड़ी नई जैसी दिखे. चलिए आपको बताते हैं इस बारे में कुछ आसान से तरीके।
सूखे और हल्के रंग ऐसे हटाएं
अगर गाड़ी पर सूखा गुलाल या हल्का रंग लगा है. तो देरी न करें। पहले हल्के पानी से गाड़ी धो लें ताकि ऊपर की परत हट जाए। इसके बाद गुनगुने पानी में माइल्ड डिटर्जेंट मिलाएं। मुलायम कपड़ा या स्पंज उसमें भिगोकर रंग वाले हिस्से को हल्के हाथ से साफ करें। जोर से रगड़ने से पेंट पर स्क्रैच आ सकते हैं। रंग निकलने के बाद साफ पानी से दोबारा धोकर सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछ लें। जितनी जल्दी सफाई करेंगे, उतना आसान रहेगा।
गहरे दाग के लिए घरेलू उपाय
अगर रंग गहरा है और आसानी से नहीं निकल रहा. तो बेकिंग सोडा काम आ सकता है। थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं और दाग वाली जगह पर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर मुलायम कपड़े से हल्का रगड़ें और पानी से धो लें। विनेगर भी असरदार है। बराबर मात्रा में पानी और विनेगर मिलाकर स्प्रे करें कुछ मिनट बाद साफ कर दें। जरूरत हो तो रबिंग अल्कोहल या नॉन जेल टूथपेस्ट भी हल्के दाग पर इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन हमेशा पहले छोटे हिस्से पर टेस्ट करें।
इन बातों का रखें ध्यान
बाजार में ऐसे कई क्लीनर मिलते हैं. जो खासतौर पर गाड़ियों से दाग हटाने के लिए बनाए जाते हैं। इन्हें इस्तेमाल करने से पहले निर्देश ध्यान से पढ़ें और सुनिश्चित करें कि प्रोडक्ट आपकी गाड़ी की पेंट टाइप के लिए सेफ है । हार्ड केमिकल या पत्थर जैसे रफ कपड़े से बचें, इससे पेंट को नुकसान हो सकता है. हमेशा सॉफ्ट स्पंज या माइक्रोफाइबर कपड़ा ही इस्तेमाल करें।अगर दाग जिद्दी हो और खुद से न निकले तो प्रोफेशनल ऑटो डिटेलर की मदद लेना बेहतर रहेगा।