पैगंबर मोहम्मद (Prophet Muhammad) के खिलाफ विवादित टिप्पणी के विरोध में नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) और नवीन जिंदल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद यूपी (UP) और झारखंड (Jharkhand) समेत देश के कई राज्यों में उग्र प्रदर्शन हुए। इस दौरान रांची (Ranchi) में हुए प्रदर्शन के बीच घायल हुए दो और लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। दूसरी तरफ यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Adityanath Govt) हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की करने की तैयारी कर रही है।
इलाज के दौरान दो लोगों ने तोड़ा दम
शुक्रवार को रांची में उपद्रव के दौरान दो लोग गोली लगने से जख्मी हो गए थे, जिनकी शनिवार को यानी आज सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मरने वालों में एक की पहचान मुदस्सिर उर्फ कैफी के तौर पर की गई है। इसकी पुष्टी राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ने पुष्टि की है। वहीं फिलहाल 8 लोगों का इलाज जारी है। बता दें कि रांची में पुलिस को विरोध प्रदर्शन उग्र होने के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग करनी पड़ी। ऐसे में भीड़ ने भी जमकर पत्थरबाजी की। इसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। पत्थरबाजी में पुलिस के कई जवानों को भी चोट आई है।
शहर में लगा कर्फ्यू
प्रशासन ने प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद पहले रांची शहर के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया था, जिसे बाद में पूरे शहर में लागू कर दिया गया। कर्फ्यू के बाद लोगों ने हिंसा वाली जगहों पर हनुमान चालीसा (Hanuman Chalisa) का पाठ किया। इस पर आज कई संगठनों ने बंद का ऐलान कर दिया है लेकिन धारा-144 लागू होने के कारण बंद का ऐलान बेअसर है।
योगी सरकार का एक्शन
उत्तर प्रदेश के भी कुछ शहरों से शुक्रवार को हिंसा की खबरें सामने आई। अब योगी सरकार ने हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दिया है। यूपी के 6 शहरों से पुलिस ने 227 लोगों को अपनी हिरासत में ले लिया है। इसमें सहारनपुर से 48 लोग, प्रयागराज से 68 लोग, हाथरस से 50 लोग, मुरादाबाद से 25 लोग, फिरोजाबाद से 8 लोग और अंबेडकरनगर से 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें- Uttar Pradesh: ज्ञानवापी के सर्वे का आदेश देने वाले सिविल जज को मिली धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा