होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

राष्ट्रपति मुर्मू का मनाली दौरा, बदला ट्रैफिक प्लान; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी 

राष्ट्रपति मुर्मू का मनाली दौरा, बदला ट्रैफिक प्लान; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी 

 

President Murmu Manali Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 6 से 8 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश के मनाली दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए कुल्लू जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मनाली, अटल टनल रोहतांग और माता हिडिंबा मंदिर के आसपास इन तीन दिनों के दौरान यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।

पर्यटकों और आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी और प्लान जारी किया है। विभिन्न स्थानों पर नाके और बैरिकेडिंग की जाएगी।

भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक

कुल्लू के उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान निर्धारित समय पर भारी वाहनों को रोका और डायवर्ट किया जाएगा।

सुबह 11:30 बजे एनजीटी बैरियर पर मनाली की ओर जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों को रोका जाएगा। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे सासे मेन गेट के ऊपरी हिस्से पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।

शाम आठ बजे से मनाली से लाहुल-स्पीति और लाहुल-स्पीति से मनाली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को आलू ग्राउंड होकर भेजा जाएगा। यह डायवर्जन 7 अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक लागू रहेगा।

7 अक्टूबर को सुबह से ट्रैफिक रहेगा नियंत्रित

7 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे सिस्सू अटल टनल नॉर्थ पोर्टल ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। लाहुल-स्पीति से मनाली आने वाले वाहनों को केवल रोहतांग पास से आने की अनुमति होगी।

सुबह सात बजे एनजीटी बैरियर पर लाहुल-स्पीति की ओर जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों को रोका जाएगा।

सुबह आठ बजे लॉग हट चौक, मनालसू कर्व, मुख्य चौक-राम बाग, मिशन अस्पताल, ओल्ड ब्रिज, भूतनाथ चौक, वशिष्ठ रोड, नेहरू कुंड ब्रिज, पलचान ब्रिज और पलचान चौक-रोहतांग रोड सहित कई स्थानों पर नाके सक्रिय किए जाएंगे।

राष्ट्रपति के काफिले के दौरान कुछ समय के लिए बंद रहेगा ट्रैफिक
राष्ट्रपति के अटल टनल दौरे के दौरान काफिले के पलचान की ओर से गुजरने के बाद करीब पांच मिनट में सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा। वापसी के दौरान भी राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने तक संबंधित मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा।

हिडिंबा मंदिर जाने के दौरान दो घंटे ट्रैफिक प्रतिबंध

7 अक्टूबर को दोपहर बाद राष्ट्रपति माता हिडिंबा मंदिर जाएंगी। इस दौरान दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक राम बाग चौक, घटोत्कच चौक, मनालसू और लॉग हट चौक पर यातायात नियंत्रित रहेगा।

राष्ट्रपति के काफिले के लौटने के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। संबंधित मार्गों पर यातायात प्रतिबंध शाम पांच बजे तक लागू रहेगा।

8 अक्टूबर को भी कई मार्गों पर बैरिकेडिंग

राष्ट्रपति 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सर्किट हाउस मनाली से सासे हेलीपैड के लिए रवाना होंगी। इससे पहले सुबह सात बजे एनजीटी बैरियर पर ट्रकों और भारी वाहनों को रोक दिया जाएगा। पलचान और अटल टनल नाकों पर भी भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।

सुबह नौ बजे लॉग हट चौक, मनालसू कर्व, मुख्य चौक-राम बाग, मिशन अस्पताल, न्यू ब्रिज, ओल्ड ब्रिज, भूतनाथ चौक, वशिष्ठ रोड और सासे मेन गेट के ऊपरी हिस्से में बैरिकेडिंग की जाएगी। राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग में आने वाले वाहनों को हटाया या रोका जाएगा।

मनाली को 9 सेक्टर में बांटा, 600 पुलिसकर्मी तैनात

एसपी अभिषेक एस ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए मनाली को नौ सेक्टर में बांटा गया है। करीब 600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवानों को तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

पुलिस ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

7 अक्टूबर को इन पर्यटन स्थलों की कर सकेंगे सैर

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान अटल टनल और कुछ अन्य क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित रहेगी। ऐसे में पर्यटक वैकल्पिक पर्यटन स्थलों का रुख कर सकते हैं।

7 अक्टूबर को लाहुल-स्पीति क्षेत्र में दारचा, जिस्पा, शिंकुला, बारालाचा, चंद्रताल, कुंजम और काजा जैसे पर्यटन स्थलों की सैर की जा सकती है।

वहीं, कुल्लू जिले में पर्यटक नग्गर, कुल्लू, भुंतर, कसोल, मणिकर्ण, तोष, बंजार, सोझा और जलोड़ी पास जा सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार 8 अक्टूबर को राष्ट्रपति की वापसी के बाद सुबह 11 बजे से कुल्लू से सभी पर्यटन स्थलों के लिए आवाजाही पर्यटकों के लिए बहाल कर दी जाएगी।


संबंधित समाचार