होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

अमेरिका में बोले राहुल गांधी- 'PM मोदी को भगवान के साथ बिठा दें, तो उन्हें भी समझा देंगे...'

अमेरिका में बोले राहुल गांधी- 'PM मोदी को भगवान के साथ बिठा दें, तो उन्हें भी समझा देंगे...'

 

अमेरिकी के कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए’ द्वारा आयोजित ‘मोहब्बत की दुकान’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारत में ऐसे लोग हैं जो सोचते हैं कि वे भगवान से अधिक जानते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका "एक उदाहरण हैं।" 

उन्होंने कहा कि ये लोग "पूरी तरह से इस बात को लेकर आश्वस्त’’ हैं कि वे सब कुछ जानते हैं। ये लोग इतिहासकारों को इतिहास, वैज्ञानिकों को विज्ञान और सेना को युद्ध कैसे लड़ना है, यह बता सकते हैं। मुद्दे की बात यह है कि वे सुनने को तैयार नहीं हैं।"

राहुल गांधी ने कहा, "दुनिया इतनी बड़ी और जटिल है कि कोई भी व्यक्ति सब कुछ नहीं जान सकता। लेकिन भारत में लोगों का एक समूह है जो पूरी तरह से इस बात के लिए आश्वस्त है कि वे सब कुछ जानते हैं। उन्हें लगता है कि वे भगवान से भी अधिक जानते हैं, यह एक बीमारी है।"

कांग्रेस नेता ने कहा,"वे भगवान के साथ बैठकर उन्हें भी समझा सकते हैं कि क्या हो रहा है। और जाहिर सी बात है कि हमारे प्रधानमंत्री इसका एक उदाहरण हैं। यदि आप मोदी जी को भगवान के साथ बैठा दें तो वह भगवान को समझाएंगे कि ब्रह्मांड कैसे काम करता है और भगवान भी हैरान परेशान हो जाएंगे कि यह मैंने क्या बनाया है।"

राहुल गांधी की इस बात पर वहां मौजूद भारतीय- अमेरिकियों ने खूब ठहाके लगाए। भारतीय अमेरिकियों से राहुल ने कहा कि भारत के विचार पर हमला हो रहा है और इसे चुनौती दी जा रही है।

वहीं, राजदंड ‘सेंगोल’ विवाद के बारे में उन्होंने कहा कि मोदी और उनकी सरकार बेरोजगारी, महंगाई, नफरत व घृणा फैलाने जैसे मुद्दों का समाधान नहीं कर सकती। राहुल गांधी ने कहा, "भाजपा वास्तव में इन मुद्दों पर चर्चा नहीं कर सकती , इसलिए उन्हें राजदंड की बात करनी पड़ी… दंडवत प्रणाम करना और ये सब।"

इसके अलावा अमेरिका में भारत का झंडा बुलंद करने, अमेरिकी लोगों की संस्कृति का सम्मान करते हुए उन्होंने उन्हें यह बताने कि एक भारतीय होने का क्या अर्थ होता है,और साथ ही उनसे सीखने और उन्हें अपनी संस्कृति के बारे में बताने के लिए भारतीय अमेरिकियों की सराहना की।

राहुल गांधी ने कहा, "आपने हम सब का मान बढ़ाया है। …जब हम अपने देश के बारे में सोचते हैं तो आप सभी हमारे राजदूत हैं…जब अमेरिका कहता है कि भारतीय बहुत समझदार हैं।भारतीय लोग आईटी के उस्ताद हैं, भारतीय लोग सम्मान देते हैं,ये सभी विचार केवल आपके कारण और आपके कार्यों तथा आपके व्यवहार का परिणाम हैं।" उन्होंने कहा कि आज भारत में गरीब और अल्पसंख्यक समुदाय के लोग खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा, "भारतीय एक-दूसरे से नफरत करने में विश्वास नहीं करते। कुछ लोगों का एक छोटा समूह है जो व्यवस्था और मीडिया को नियंत्रित करता है, वह नफरत की आग भड़का रहा है।"

वहीं, महिला आरक्षण विधेयक पर कांग्रेस के रुख के बारे में उन्होंने कहा,"ये एकदम स्पष्ट है। हम विधेयक को पारित कराने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हमें महिलाओं को राजनीतिक व्यवस्था, व्यवसायों और देश चलाने में उनका उचित स्थान देना होगा।"

आपको बता दें कि इस दौरान कुछ खालिस्तान समर्थकों ने राहुल गांधी के भाषण को बाधित करने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाल दिया।

 


संबंधित समाचार