Imran Masood On PM Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे पर हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि आज देश एक गंभीर संकट का सामना कर रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लगातार की जा रही अपीलों के संदर्भ में, सभी दलों की बैठक बुलाकर चर्चा की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, ''जहां गलती हुई है, जो भी कमियां रही हैं, हमें उन्हें दूर करने पर ध्यान देना चाहिए।" कांग्रेस नेता ने ये बातें उस सवाल के जवाब में कही, जब उनसे पूछा गया कि प्रधानमंत्री पांच देशों की यात्रा पर हैं और उन्होंने कहा है कि यूएई के साथ कई अहम समझौते किए हैं। इमरान मसूद ने कहा कि पीएम मोदी को चाहिए कि वे सभी दलों को बुलाकर चर्चा करें।
पीएम मोदी की अपील पर विपक्ष हमलावर
बता दें कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने के बाद विपक्षी पार्टियां लगातार केंद्र सरकार को घेरने में जुटी है। साथ ही कई दल ऑल पार्टी मीटिंग बुलाने की भी मांग कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में आम लोगों से ईंधन बचाने समेत कई तरह की अपील की थी. उन्होंने खुद अपने काफिले को छोटा भी किया है. कई राज्यों में भी अपील का असर दिख रहा है।
पीएम मोदी का विदेश दौरा
पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार (15 मई) को नीदरलैंड पहुंचे, जहां वह व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए अपने डच समकक्ष रॉब जेटेन के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में करीब ढाई घंटे के संक्षिप्त ठहराव के बाद नीदरलैंड पहुंचे। उन्होंने अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत की।
गौरतलब है कि यूएई की भौगोलिक स्थिति भी भारत के लिए काफी अहम मानी जाती है. यह दुनिया के महत्वपूर्ण ऊर्जा और व्यापारिक समुद्री रास्तों के करीब स्थित है। ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में प्रभाव बढ़ाने की होड़ तेज हो रही है, यूएई भारत के लिए एक अहम साझेदार बनकर उभरा है।