Pariksha Pe Charcha : परीक्षा पे चर्चा का 9वां संस्करण आज सुबह 10 बजे से शुरू हो चुका है। इस खास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और करियर से जुड़े सवालों के जवाब देने में मदद करना है। इस बार परीक्षा पे चर्चा नए अंदाज में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के छात्रों को जोड़ने और उनके सवालों के सीधे जवाब देने पर खास जोर दिया जा रहा है।
छात्रों को शिक्षक से एक कदम आगे रहना चाहिए
परीक्षा पे चर्चा 2026 का कार्यक्रम शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों को सीधे संबोधित कर रहे हैं और परीक्षा से जुड़ी अहम सीख दे रहे हैं। पीएम मोदी ने छात्रों को पढ़ाई को लेकर जरूरी टिप्स देते हुए कहा कि छात्रों को शिक्षक से एक कदम आगे रहना चाहिए, न बहुत आगे और न ही बहुत पीछे। इस बार पीएम मोदी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर छात्रों से सीधे बातचीत की है। उन्होंने गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी और दिल्ली के सात, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पर बच्चों से बात की। यह संवाद शुक्रवार को प्रसारित किया जाएगा और छात्रों, अभिभावकों व शिक्षकों के लिए बेहद खास रहेगा।
टीवी चैनल DD News और Doordarshan के माध्यम से देख सकते हैं
छात्र, शिक्षक और अभिभावक इस कार्यक्रम को टीवी चैनल DD News और Doordarshan के माध्यम से देख सकते हैं। इसके अलावा इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक YouTube चैनल, MyGov पोर्टल और शिक्षा मंत्रालय के प्लेटफॉर्म्स पर भी लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल परीक्षा पे चर्चा का 9वां सीजन 6 फरवरी यानी आज से प्रसारित होने वाला है। परीक्षा पे चर्चा में पीएम मोदी छात्रों, माता-पिता और शिक्षकों से परीक्षा से जुड़े तनाव, आत्मविश्वास आदि पर बात करते हैं। साथ ही, बच्चों को तनाव से दूर रहने और करियर से जुड़े सवालों के जवाब भी देते हैं। अगर आप भी परीक्षा पे चर्चा में पीएम मोदी की ओर से साझा किए जाने वाले विचार या टिप्स सुनना चाहते हैं, तो इसे कई प्लेटफॉर्म के जरिए लाइव सुन सकते हैं।