होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

सुबह उठते ही पैर के तलवों में दर्द? जानें इसके बड़े कारण और बचाव के उपाय

सुबह उठते ही पैर के तलवों में दर्द? जानें इसके बड़े कारण और बचाव के उपाय

 

Morning Foot Pain: सुबह नींद खुलने के बाद बिस्तर से उतरते ही पैर के तलवों में दर्द महसूस होना कई लोगों के लिए आम परेशानी होती है। कुछ लोगों को एड़ी में चुभन होती है, तो कुछ के तलवों में खिंचाव या अकड़न महसूस होती है। शुरुआत में यह दर्द कुछ कदम चलने के बाद कम हो जाता है, लेकिन लंबे समय तक खड़े रहने या चलने पर दोबारा यही दर्द महसूस हो, तो ऐसे लक्षणों की वजह प्लांटर फैसिआइटिस हो सकती है।

हालांकि, हर मामले में दर्द का कारण यही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कभी-कभी ऐसा लंबे समय तक खड़े रहने या गलत जूते पहनने पर हो सकता है। ऐसे में जानें पैर के तलवे में दर्द होने की वजह और किन बातों का ध्यान रखने से यह परेशानी नहीं होगी।

प्लांटर फैसिआइटिस हो सकता है प्रमुख कारण

पैर के तलवे में एक मजबूत फाइबरेस टिश्यू होता है, जिसे प्लांटर फैसिया कहते हैं। यह एड़ी की हड्डी को पैर की उंगलियों से जोड़ता है और चलते समय शरीर का भार संभालने में मदद करता है। जब इस टिश्यू पर बार-बार अधिक दबाव पड़ता है, तो इसमें जलन और छोटे-छोटे नुकसान हो सकते हैं। इस स्थिति को प्लांटर फैसिआइटिस कहा जाता है। इसमें सुबह उठकर पहला कदम रखते समय एड़ी या तलवे के निचले हिस्से में तेज दर्द हो सकता है। वहीं, कुछ देर चलने पर दर्द कम हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक खड़े रहने के बाद फिर दर्द महसूस हो सकता है।

गलत जूते-चप्पल पहनना

पैरों में दर्द की एक वजह गलत फुटवियर भी हो सकती है। बहुत सख्त तलवों वाली चप्पल, पर्याप्त कुशनिंग न देने वाले जूते या पैरों को सही सहारा नहीं देने वाले फुटवियर तलवों पर दबाव बढ़ाते हैं। खासकर अगर आप लंबे समय तक खड़े रहते हैं या कठोर फर्श पर चलते हैं, तो परेशानी बढ़ सकती है। इससे बचने के लिए ऐसे जूते पहनें, जिनमें तलवों को पर्याप्त कुशनिंग मिले और पैर के आर्च यानी बीच के घुमाव को सहारा मिल सके।

लंबे समय तक खड़े रहना और वजन बढ़ना

अगर आपका काम ऐसा है, जिसमें कई घंटे खड़े रहना या लगातार चलना पड़ता है, तो पैरों के तलवों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसी तरह शरीर का वजन बढ़ने पर भी पैरों को अधिक भार उठाना पड़ता है। इससे एड़ी और तलवों के टिश्यू पर तनाव बढ़ता है और सुबह दर्द महसूस होने लगता है। इसके अलावा, अचानक दौड़ना शुरू करना, कठिन एक्सरसाइज करना या लंबे समय तक शारीरिक गतिविधि से दूर रहने के बाद एकदम अधिक चलने से भी दर्द महसूस होता है।

इन बातों का ध्यान रखें

बिस्तर से उठने से पहले स्ट्रेचिंग करें और पैरों की उंगलियों को धीरे-धीरे अपनी तरफ खींचें और कुछ सेकंड तक रोकें। अगर ऐसा करने से दर्द बढ़ता है, तो स्ट्रेचिंग रोक दें। आरामदायक फुटवियर पहनें और घर में भी कठोर फर्श पर नंगे पैर चलने से बचें। अगर दर्द अधिक होता है, तो कपड़े में लपेटकर बर्फ को दर्द वाले हिस्से पर 15 से 20 मिनट तक रखें।

कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?

अगर आपके पैर में लगातार दर्द बना रहता है और चलने में भी परेशानी होने लगती है, तो डॉक्टर को दिखाना सही होगा। अगर घरेलू उपायों से भी राहत नहीं मिल रही है और पैरों में सूजन या अन्य बदलाव भी नजर आ रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है।


संबंधित समाचार