Samajwadi PDA Rath: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सपा के ‘पीडीए रथ’ को लेकर तंज कसा है। उनका कहना है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लाल छोड़कर भगवा ओढ़ लिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश का पीडीए रथ RSS और BJP का भगवाकरण है। उन्होंने कहा कि वोटों की खातिर अखिलेश गिरगिट की तरह रंग बदल रहे हैं।
मायावती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव के ‘पीडीए रथ’ पर सवाल उठाते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘यूपी के आगामी विधानसभा आम चुनाव की तैयारी के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख का प्रचारित पीडीए रथ सपा के अपने लाल रंग का कम और RSS/BJP के भगवा रंग का (भगवाकरण) ज्यादा है।’ मायावती ने कहा कि ऐसे में लोगों में चर्चा यही है कि यह सब वोटों के स्वार्थ की खातिर गिरगिट की तरह लगातार रंग बदलना है या फिर मुसलमानों पर से सपा प्रमुख का वोट पाने का भरोसा उठ जाना है।
‘मुस्लिम समाज को हकीकत का अहसास हो गया’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे भी यूपी के खासकर मुस्लिम समाज को इस कड़वी हकीकत का पूरी तरह से अहसास है कि पिछले चुनावों में सपा को उनके द्वारा अधिकांश एकतरफा वोट देने के बावजूद भी यह पार्टी (सपा) यूपी और केंद्र की सत्ता में BJP को सरकार बनाने से नहीं रोक पाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे में इस पार्टी को बार-बार वोट देकर अपना वोट खराब क्यों किया जाए।
‘बीएसपी के पक्ष में मुस्लिम समाज’
मायावती ने यह भी कहा कि इस मामले में अब अपर कास्ट में से खासकर ब्राह्मण समाज की तरह ही मुस्लिम अपना रवैया काफी तेजी से बीएसपी के पक्ष में बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीएसपी यूपी में खासकर अपराध नियंत्रण और शांति-व्यवस्था के मामलों में कानून द्वारा कानून के राज के साथ ही व्यापक जनहित, जनकल्याण एवं विकास के मामलों में भी बेहतरीन आयरन लेडी राज यहां कई बार स्थापित करके दिखा चुकी है, जिसकी सर्व समाज के हित और कल्याण में प्रदेश को सख्त जरूरत भी है।
‘पीडीए की असली वास्तविकता क्या है?’
बीएसपी सुप्रीमो ने कहा कि सपा को यह भी जनता को जरूर बता देना चाहिए कि अब इनके पीडीए की असली वास्तविकता क्या है? उन्होंने कहा कि चुनावी स्वार्थ में अब तक इन्होंने कभी पीडीए को पिछड़ा, दलित बताया तो कभी पीडीए को पंडित बताया है और कभी अपने आपको ‘अंबेडकरवादी’ दर्शाने के चक्कर में बीएसपी का नीला रंग वाला वस्त्र धारण कर तस्वीरें खिंचवाई हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने फौरन ही इन्हें फेक अंबेडकरवादी कहकर रिजेक्ट भी कर दिया।
मायावती ने कहा कि इसके विपरीत बीएसपी सर्वसमाज हेतु सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की नीति और सिद्धांत वाली अंबेडकरवादी पार्टी है एवं सभी को रोटी-रोजगार-युक्त आत्म-सम्मान व स्वाभिमान आदि का जीवन जीने की पक्षधर है। इसीलिए सर्वसमाज में बीएसपी का अपना सम्मान है।