Manohar Lal:करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को करनाल में चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि संवाद करना कोई बुरी बात नहीं है, सभी को संवाद करना चाहिए। राजनीतिक दल संवाद नहीं करेंगे तो अपनी भूमिका पूरी नहीं कर पाएंगे। लेकिन संवाद में तथ्य और सच्चाई होनी चाहिए। झूठे स्लोगन और हेडलाइन बनाकर प्रचार में बने रहने के लिए संवाद करना समाज और राजनीति के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि जनहित और युवाओं के हित में सार्थक बातचीत होनी चाहिए।
किसी को भड़काने का काम नहीं होना चाहिए
मनोहर लाल ने कहा कि कई बार किसी विषय को लेकर बात इतनी आगे बढ़ जाती है कि समाज में विरोधाभास की स्थिति पैदा हो जाती है। कई जगह ऐसा भी देखने को मिलता है कि कहा कुछ जाता है और किया कुछ जाता है।
इसलिए सभी बातों को ध्यान में रखकर संवाद जरूर करना चाहिए, लेकिन संवाद सार्थक विषयों पर हो। जनहित और युवाओं के हित की बात की जाए। किसी को भड़काने का काम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था के प्रति भड़काने का जो सिलसिला शुरू किया गया है, वह उचित नहीं है।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर बोले प्रदेश में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगें उनके सामने रखी हैं। इन मांगों को प्रदेश सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
वहीं चीनी के बढ़े दामों पर उन्होंने कहा कि ऐसी चीजें बाजार पर निर्भर करती हैं। कभी रेट ज्यादा होते हैं और कभी कम। जैसे ही चीनी का रेट बढ़ा, सरकार ने कदम उठाया और चीनी के रेट में 15 रुपए की कमी हुई है। ऐसी स्थिति आने पर सरकार किस तरह उस पर काबू पाती है, यह देखना होता है। सरकार ने इस पर काबू पा लिया है।
दलित और मेघवाल से जुड़े सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि ये चीजें स्वैच्छिक होती हैं। किसी पर कोई चीज थोपी नहीं जा सकती। सभी को मेघवाल दर्ज करवाना होगा, यह अनिवार्यता नहीं हो सकती। किसी व्यक्ति पर कोई बात थोपी नहीं जाएगी।
चार परियोजनाओं का उद्घाटन, शहर को मिली नई सुविधाएं
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल में चार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने सबसे पहले शक्ति कॉलोनी कॉम्पलेक्स में 4.03 करोड़ रुपए की लागत से बने ऑब्जरवेशन सेंटर का उद्घाटन किया।
इसके बाद सेक्टर-33 में 11.20 करोड़ रुपए की लागत से बने सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय भवन, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया गया। इसके साथ सेक्टर-32 के 7.24 करोड़ रुपए की लागत वाले सामुदायिक केंद्र और सेक्टर-9 में सड़क नवीनीकरण व शहीद उधम सिंह पार्क के विकास कार्य का भी उद्घाटन हुआ।