होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
सेहत
नॉलेज
फैशन/लाइफ स्टाइल
अध्यात्म

 

भारत जोड़ो यात्रा: खड़गे ने शाह को पत्र लिखा, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए हस्तक्षेप का किया आग्रह

भारत जोड़ो यात्रा: खड़गे ने शाह को पत्र लिखा, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए हस्तक्षेप का किया आग्रह

 

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' जम्मू-कश्मीर में जारी है। शनिवार को उन्होंने यात्रा की शुरूआत अवंतीपोरा से की। इस दौरान PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी राहुल के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं।

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वह कश्मीर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और इसके समापन समारोह के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के वास्ते हस्तक्षेप करें। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा सुरक्षा कारणों से यात्रा रोके जाने की पृष्ठभूमि में यह पत्र लिखा है।

दरअसल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि पुलिस का सुरक्षा इंतजाम ध्वस्त हो गया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा से जुड़े लोगों की सलाह पर शुक्रवार की पदयात्रा रद्द कर दी। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक हुई है।

अमित शाह को लिखे पत्र में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "आप इस तथ्य की सराहना करेंगे कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हर दिन बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। आयोजकों के लिए यह बता पाना मुश्किल है कि कितनी संख्या में लोग हिस्सा ले सकते हैं, क्योंकि लोग स्वतः इस यात्रा से जुड़ रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "हम अगले दो दिनों (28 और 29 जनवरी) की यात्रा और 30 जनवरी के (समापन) समारोह में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद कर रहे हैं। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कई अन्य राजनीतिक दलों के नेता 30 जनवरी के समापन समारोह में शामिल होंगे।" 

कांग्रेस अध्यक्ष ने आग्रह किया, "यदि आप इसमें हस्तक्षेप करें और संबंधित अधिकारियों को कश्मीर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और इसके समापन समारोह के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दें, तो हम आपके आभारी रहेंगे।"

खड़गे ने ट्वीट किया, "शुक्रवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सुरक्षा में चूक हुई, जिसके बाद इसे रोकना पड़ा, क्योंकि राहुल गांधी की सुरक्षा में तैनात लोगों ने यही सलाह दी थी।" उन्होंने आगे कहा, "हम यात्रा के समापन पर महत्वपूर्ण राजनीतिक दलों के नेताओं समेत भारी भीड़ की उम्मीद कर रहे हैं।"

 


संबंधित समाचार