LPG Crisis: एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच नया अपडेट आया है। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने एक नई प्रक्रिया शुरू की है। अब कोटे से अतिरिक्त सिलिंडर चाहिए होंगे तो प्रयोजन बताना होगा। घर में शादी है या भंडारा, परिवार के सदस्यों और आने वाले मेहमानों की भी जानकारी देनी होगी। एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने एक नई प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन उपभोक्ताओं ने सालाना कोटे के 12 सिलिंडर रिफिल करा लिए हैं, उन्हें नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल एप पर जाकर सवालों के जवाब देने होंगे।
नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल एप पर जाकर सवालों के जवाब देने होंगे
परिवार के सदस्यों की संख्या, आने वाले मेहमानों का विवरण, घर में शादी, भंडारा या कोई अन्य आयोजन है तो उसकी भी जानकारी देनी होगी। तभी सिलिंडर बुक होगा। रविवार से लागू इस नियम की जानकारी गैस एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं को भी नहीं थी। सुबह से ही मोबाइल फोन से बुकिंग की कोशिश कर रहे लोग असफल होने पर गैस एजेंसी पहुंचे। एजेंसी पर मौजूद स्टाफ को भी इसकी जानकारी नहीं थी। संचालक ने कंपनी के अधिकारियों को कॉल की तो इस नई प्रक्रिया की जानकारी मिली।
उपभोक्ताओं को होगी परेशानी
स्मार्टफोन के दौर में भी तमाम शहरी और ग्रामीण उपभोक्ता कीपैड वाला फोन ही चलाते हैं। कई ऐसे हैं जो स्मार्टफोन खरीद नहीं सकते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को कोटे के अलावा गैस बुकिंग के लिए फोन खरीदना, एप डाउनलोड कर सवालों के जवाब देना भी कठिन होगा। ऐसी स्थिति में घर बैठे एलपीजी बुकिंग की सहूलियत का लाभ भी नहीं मिलेगा। उनको एजेंसी के चक्कर काटने पड़ सकते हैं।
पूछे जाएंगे ये सवाल
- परिवार में छह या इससे अधिक सदस्य हैं?
- परिवार में मेहमान आए हैं।
- शादी, भंडारा या अन्य कोई कार्यक्रम है।
- अन्य घरेलू उपयोग के लिए।