Sonipat ACP Transferred: हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का हिसार में काफिला रोकने और बंदूक तानने के मामले की जांच करने वाले डीएसपी कमलजीत का सोनीपत तबादला हो गया है। उनको सोनीपत में एसीपी लगाया गया है। डीएसपी दिसंबर 2025 में हिसार आए थे और करीब डेढ़ साल तक हिसार में सेवाएं दीं।
हिसार प्रकरण में आरोपी पुलिसकर्मियों को क्लीन चिट देने के बाद से ही वह दुष्यंत चौटाला के निशाने पर आ गए थे। दुष्यंत ने आरोप लगाया था कि जांच ऐसे अधिकारी को सौंपी गई है, जो इस पूरे प्रकरण में शामिल था।
दरअसल, हिसार के जीजेयू मामले में जजपा नेताओं के घर रेड कर उनको गिरफ्तार करने की टीम में डीएसपी कमलजीत भी शामिल थे। दुष्यंत ने आरोप लगाया था कि सीसीटीवी में सादी वर्दी में डीएसपी भी नजर आए थे। इसलिए उनको यह जांच नहीं सौंपी जानी चाहिए।
दुष्यंत ने कहा-दोषी को जांच सौंप दी गई
इस पूरे विवाद के बाद दुष्यंत चौटाला ने हिसार में प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा था कि इस विवाद के पीछे गहरी साजिश है। मैं एसपी को चार बार कॉल करके कह चुका हूं, लेकिन एफआईआर की नकल नहीं दी गई। डीएसपी इस पूरे घटनाक्रम में खुद दोषी है, लेकिन उन्हें ही जांच दी गई हैं।
हरियाणा यूनिफोर्म कोड के तहत सीआईए को सादी वर्दी में रहने की परमिशन नहीं है। डीजीपी को बताना चाहिए कि किस आधार पर सीआईए आधी रात को सिविल वर्दी में रेड मारने गई थी। डीएसपी खुद रेड में शामिल था और सिविल ड्रेस में था।